संपादकीय

‘लोगों में बढ़ रही हिंसा’ कर रहे हदें पार!

प्राचीन काल से ही भारत को उच्च नैतिकता, अहिंसा और मानवीय मूल्यों के ध्वजारोही के रूप में जाना जाता है परंतु आज चंद लोग अपने उच्च प्राचीन आदर्शों को भूल दरिंदगी की हदें पार कर रहे हैं। स्थिति कितनी गंभीर हो चुकी है, यह इसी वर्ष की निम्न चंद घटनाओं से स्पष्ट है :

* 18 जनवरी को ‘झालावाड़’ (राजस्थान) में एक 18 वर्षीय युवक ‘सोनू’ को एक लड़की के परिवार वालों ने बंधक बना कर तीन दिनों तक अमानवीय यातनाएं दीं, बेरहमी से पीटा और एक बीयर की बोतल में पेशाब भरकर जबरन उसे पीने के लिए मजबूर किया। 
* 19 मार्च को ‘लातेहार’ (झारखंड) में ‘नेत्रहाट’ के ‘दोनो’ नामक गांव में अंधविश्वास और जादू-टोने के शक में एक बुजुर्ग को जबरन पेशाब पिलाने के आरोप में पुलिस ने 4 आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया।
* 13 अप्रैल को ‘बाड़मेर’ (राजस्थान) के ‘शिव थाना’ क्षेत्र में एक लड़की से चैटिंग करने पर युवक को जबरन पेशाब पीने और गंदगी खाने के लिए मजबूर करने के आरोप में पुलिस द्वारा 2 युवकों को गिरफ्तार किया गया।
* 17 मई को ‘अजमेर’ (राजस्थान) के ‘गगवान’ गांव में पारिवारिक विवाद के चलते चंद लोगों द्वारा एक युवक ‘जीतू’ का अपहरण करके उसे जूतों की माला पहनाने और जबरन पेशाब पिलाने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया।
* 11 जून को ‘बेगूसराय’ (बिहार) में शौच के लिए निकली एक महिला के हाथ-पैर बांधकर उसके शरीर पर ब्लेड से घाव करने के बाद उसके साथ गैंगरेप करने और फिर उसके प्राइवेट पार्ट में लकड़ी के टुकड़े और ‘रोड़े’ डालने के आरोप में पुलिस द्वारा 5 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया। 

* 14 जून को ‘पंडोपाड़ा’ (छत्तीसगढ़) में चरित्र पर शक के चलते एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी को सरेआम घसीटा, बेरहमी से पीटा, उसका सिर मुंडवा दिया और उसके मुंह पर कालिख पोत दी।  
* 3 जुलाई को ‘गुरुग्राम’ (हरियाणा) में एक युवक ने अपनी शादी का राज खुलने के डर से अपनी प्रेमिका को जिंदा जलाकर मार डाला।
* 19 जुलाई को ‘लुधियाना’ (पंजाब) में रंजिश के चलते कुछ बदमाशों द्वारा एक छात्र का अपहरण करके किसी सुनसान स्थान पर ले जाकर उसे बेरहमी से पीटने, जबरदस्ती पेशाब पिलाने और थूक चटवाने के आरोप में पुलिस द्वारा 10 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया।
* 27 जुलाई को ‘वाराणसी’ (उत्तर प्रदेश) के एक प्राइवेट स्कूल में ‘प्रीति कुशवाहा’ नामक अध्यापिका द्वारा क्लास में एक बच्चे का पैंट में ही पेशाब निकल जाने पर उसे एक खाली कमरे में ले जाकर गैस स्टोव पर चाकू गर्म करके उसके प्राइवेट पार्ट को दागने के आरोप में पुलिस ने अध्यापिका के विरुद्ध केस दर्ज किया। 

*  28 जुलाई को ‘दिल्ली’ में पुलिस ने एक कैब चालक विजय कुमार की हत्या के आरोप में एक नाबालिग सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी चलती कार में चाकू से कैब चालक की हत्या करने के बाद उसकी लाश पर बैठ कर तब तक कार चलाते रहे जब तक कि वह एक खम्भे से टकरा कर रुक न गई।
* 30 जुलाई को ‘जामनगर (गुजरात) में अपने प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर शराब में सायनाइड (सबसे तीखा जहर) मिला कर अपने पति को मार डालने के आरोप में पुलिस द्वारा एक महिला को गिरफ्तार किया गया। 
* 2 अगस्त को ‘बालाघाट’ (मध्यप्रदेश) में एक व्यक्ति को अपनी कुंवारी बेटी का रहस्य छिपाने के लिए उसके नवजात बच्चे को गोबर के ढेर में जिंदा दफनाने के बाद स्वयं आत्महत्या करने की कोशिश करने के आरोप में पकड़ा गया।
* और अब 2 अगस्त को ही ‘समालखा’ (हरियाणा) में अपनी विवाहित प्रेमिका के साथ भागे एक व्यक्ति द्वारा अपनी प्रेमिका की बेटी के हाथ और होंठ बीड़ी से दागने और गलत ढंग से छूने के आरोप में बच्ची के पिता ने आरोपी के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
गुस्सा, भावनाओं की प्रबलता और अव्यावहारिक इच्छाएं लोगों पर जिस तरह हावी हो रही हैं, उसका परिणाम इस तरह की घटनाओं के रूप में सामने आता है। अत: इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों को कठोरतम दंड देने की आवश्यकता हैै।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button