अन्य राज्य

दिल्ली में आग का तांडव: मजदूरों की बस्ती में लगी भीषण आग

Delhi Fire : राजधानी दिल्ली में लगातार दो दिनों के भीतर आगजनी की दो बड़ी घटनाओं से हड़कंप मच गया है। आज तड़के लुटियंस दिल्ली के अति-सुरक्षित माने जाने वाले उद्योग भवन के पास स्थित सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के मजदूरों की झुग्गी-बस्ती में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडरों के फटने से आग ने बेहद भयानक रूप ले लिया। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग और पुलिस की मुस्तैदी से समय रहते सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर मौजूद कमर्शियल और छोटे LPG सिलेंडरों में धमाकों से आग और भड़क गई और तेजी से पूरी बस्ती में फैल गई। शुरुआत में उद्योग भवन के पास लेबर झुग्गी इलाके में इलेक्ट्रिक पैनल में आग लगने की खबर मिली थी।

आग की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली फायर सर्विस ने घटना को ‘मेक-4’ कैटेगरी की आग में अपग्रेड किया और कई फायर फाइटिंग यूनिट्स तैनात कीं जिनमें वॉटर टेंडर और फायर बाइक शामिल थीं। बाद में आग पर काबू पाने में मदद के लिए अतिरिक्त वॉटर बाउजर भी मंगवाए गए और मौके पर भेजे गए। फिलहाल अधिकारी मजदूरों की बस्ती को हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं और घटना के सही कारण की जांच कर रहे हैं। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

बता दें कि इससे पहले मंगलवार को दिल्ली के मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज के पीछे तकिया काले खान इलाके की बाल्मीकि बस्ती में झुग्गी-झोपड़ियों के एक समूह में भीषण आग लग गई थी जिसमें कम से कम 30 झोपड़ियां और बड़ी मात्रा में प्लाईवुड, लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री जलकर खाक हो गई थी। आग की गंभीरता के बावजूद इमरजेंसी सर्विस और पुलिस कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के कारण किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं मिली।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button