महाराष्ट्र

सोनिया गांधी की किताब में RSS-बीजेपी पर की गई टिप्पणी से भड़की शिवसेना, कहा- जनता का विश्वास पीएम मोदी पर

मुंबई: शिवसेना ने सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ पर प्रतिक्रिया देते हुए आरएसएस और बीजेपी पर की गई टिप्पणियों पर पलटवार किया है। शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने इस पुस्तक पर प्रतिक्रिया देते हुए आरएसएस और बीजेपी पर की गई टिप्पणियों से असहमति जताई। हेगड़े ने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक बाजार में आ गई है। यह पुस्तक अब बुकस्टॉल पर भी उपलब्ध है। इस पुस्तक में सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन के बारे में लिखा है। उन्होंने बताया है कि वह कैसे भारत आईं, उनकी शादी कैसे हुई, उन्होंने यहां अपना घर कैसे बसाया और भारत को किस प्रकार अपनाया। यह उनका व्यक्तिगत विषय है और मैं उस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन उन्होंने आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी के बारे में जो टिप्पणियां की हैं, उनसे हम सहमत नहीं हैं।

बोले- देश भी उनसे सहमत नहीं

उन्होंने कहा कि देश भी उनसे सहमत नहीं है। सभी जानते हैं कि जनता का विश्वास पीएम मोदी और आरएसएस पर है। इसी विश्वास के कारण पीएम मोदी तीन बार चुनाव जीतकर आए हैं। वहीं उन्होंने एनसीपी में विलय की अटकलों को आंतरिक मामला बताया, लेकिन शरद पवार के महायुति में आने पर स्वागत की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने ममता-तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद के भगवान राम दिए गए बयान का खंडन करते हुए उन्हें अयोध्या जाकर दर्शन करने की सलाह दी।

एनसीपी के विलय पर कही ये बात

शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि जहां तक एनसीपी के दोनों गुटों का सवाल है, वह उनका आंतरिक मामला है। उनके बीच विलय होता है या नहीं, इस पर मैं कुछ नहीं कहना चाहता। ऐसा कहा जा रहा है कि दिवंगत अजित पवार की पार्टी के कुछ नेता शरद पवार से मिलने जा रहे हैं। इस विषय पर भी हम कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। अजित पवार की पार्टी एनडीए और महायुति के साथ है। वह हमारी सरकार में सहयोगी है। यदि शरद पवार की पार्टी भी हमारे साथ आती है, तो हमें और ताकत मिलेगी। उनका स्वागत है। शरद पवार का 60 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न केवल महाराष्ट्र बल्कि देश में भी काम किया है। उनके अनुभव का लाभ हमें अवश्य मिलेगा।

कीर्ति आजाद की टिप्पणी पर दी प्रतिक्रिया

कीर्ति आजाद की टिप्पणी पर शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है। भगवान श्रीराम सभी के लिए पूजनीय हैं और सर्वोच्च आदर्श हैं। इसी प्रकार हम सभी देवी-देवताओं का सम्मान करते हैं। कीर्ति आजाद एक अच्छे क्रिकेटर थे, देशभक्त हैं और हिंदू हैं। उन्होंने देश के लिए खेला है, लेकिन उनके जो बयान हैं, उनसे हम सहमत नहीं हैं। हम उनका खंडन करते हैं। कीर्ति आजाद को किसी भी भगवान, देवी या देवता के बीच भेदभाव नहीं करना चाहिए। भगवान श्रीराम हमारे लिए एक आदर्श पुरुष हैं। अयोध्या में जो भव्य राम मंदिर बना है, वहां कीर्ति आजाद को भी जाना चाहिए, दर्शन करने चाहिए और आशीर्वाद लेना चाहिए।

रामायण को बताया बेहतरीन फिल्म

हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘रामायण’ को लेकर कृष्णा हेगड़े ने कहा कि यह एक बहुत ही बेहतरीन फिल्म बनी है। इसकी कहानी, सेट्स और स्पेशल इफेक्ट्स विश्वस्तरीय हैं। इस फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा दोनों बधाई के पात्र हैं। फिल्म में सभी कलाकारों ने बहुत ही उत्कृष्ट कार्य किया है। यह फिल्म सभी को देखनी चाहिए। यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्म है और मुझे विश्वास है कि यह ऑस्कर भी जीत सकती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button