महाराष्ट्र

‘मुझे इससे कोई मतलब नहीं कि दूसरे मेरे बारे में क्या लिखते हैं’, सोनिया गांधी की किताब को लेकर अन्ना हजारे की खरी-खरी

अहिल्यानगर: सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में अपने आंदोलन के जिक्र पर रिएक्शन दिया। अन्ना हजारे ने कहा कि आरएसएस और बीजेपी के कई लोग भी मेरे आंदोलन की वजह से घर चले गए। मैं किसी पॉलिटिकल पार्टी के बारे में नहीं सोचता। मेरे लिए सिर्फ समाज और देश मायने रखता है। इतनी छोटी सोच रखना ठीक नहीं है। देश के बारे में सोचो। वह किस दिशा में जा रहा है और हमारे देश की हालत क्या है? मेरा कांग्रेस या बीजपी से कोई लेना-देना नहीं है। मैं सिर्फ समाज और देश के फायदे के बारे में सोचता हूं।

मेरी बुराई करने के बजाय देश की समस्याओं पर ध्यान दें

अन्ना हजारे ने आगे कहा कि देश में सूखा पड़ा है और आपके पास पैसे की कोई कमी नहीं है। आपको ऐसे मुद्दों पर सोचना चाहिए और समाज के लिए काम करना चाहिए। मेरी बुराई करने के बजाय देश और समाज की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। अन्ना हजारे ने अपनी पेंशन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें जो पेंशन मिलती है। उसे भी वे सूखे से प्रभावित लोगों की मदद और इस समस्या पर खर्च करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को इसी तरह समाज और देश के बारे में सोचना चाहिए।

‘अन्ना हजारे: ग्राम योगी’

अपनी आने वाली किताब ‘अन्ना हजारे: ग्राम योगी’ के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि इस किताब में बचपन से लेकर अब तक के उनके जीवन और समाज के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख होगा। उन्होंने लोगों से इस किताब को पढ़ने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें जीवन के बारे में सीखने का अवसर मिलेगा।

अन्ना हजारे ने दिया पेड़ का उदाहरण

दूसरों की ओर से अपने बारे में लिखी जा रही बातों पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्ना ने कहा कि इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने पेड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस पेड़ पर फल लगते हैं, लोग उसी पर पत्थर मारते हैं। उनका मानना है कि आलोचनाओं की परवाह किए बिना व्यक्ति को अपना कर्तव्य निभाते रहना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि उनका जीवन समाज और देश की भलाई के लिए समर्पित रहा है और आगे भी वे इसी उद्देश्य से काम करते रहेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button