महाराष्ट्र

ब्लिंकइट, जेप्टो समेत 105 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड, सात आउटलेट बंद करने का आदेश, महाराष्ट्र FDA का एक्शन

मुंबई : महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने दिवाली से पहले फिर बड़ा एक्शन लिया है। विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान कई अनियमितताएं पाए जाने पर क्विक कॉमर्स कंपनी ब्लिंकिट और जेप्टो से जुड़े कारोबार सहित 105 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इसके अलावा सात प्रतिष्ठानों को बंद करने का आदेश दिया गया है। जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, एफडीए की यह कार्रवाई चार और पांच नवंबर को पूरे महाराष्ट्र में की गई।

बयान के मुताबिक, निलंबित किए गए 105 लाइसेंसों में नासिक मंडल के 39, मुंबई के 28, पुणे के 20, अमरावती के 15, छत्रपति संभाजीनगर के दो और ठाणे का एक लाइसेंस शामिल है। इसके अलावा पुणे के तीन, अमरावती के दो तथा मुंबई और कोंकण मंडल के एक-एक समेत कुल सात प्रतिष्ठानों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान मिलीं ये खामियां

खाद्य सुरक्षा नियामक ने बताया कि लाइसेंस निलंबित किए गए प्रतिष्ठानों में मुंबई की ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड और जेप्टो लिमिटेड के अलावा मिठाई की दुकानें, होटल, रेस्तरां और कैटरिंग प्रतिष्ठान शामिल हैं। निरीक्षण अभियान के दौरान अस्वच्छ विनिर्माण एवं भंडारण व्यवस्था, खाद्य पदार्थों को संभालने और पैक करने में लापरवाही, कीट नियंत्रण की व्यवस्था नहीं होने, तापमान नियंत्रित रखने के इंतजाम के अभाव तथा अनिवार्य रिकॉर्ड और प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं होने जैसी अनियमितताएं पाई गईं।

खोया, पनीर, मावा समेत खाने का काफी सामान जब्त

एफडीए ने दो दिन के इस अभियान में 70 से अधिक प्रतिष्ठानों से 1.35 करोड़ रुपये मूल्य के 39,485.42 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए। जब्त सामग्री में मावा, खोया, पनीर, घी, खाद्य तेल, फरसाण (पारंपरिक नमकीन), सूखे मेवे और विभिन्न प्रकार की मिठाइयां शामिल थीं।

राजधानी बिरयानी, आराधा स्वीट्स पर भी एक्शन

प्रशासन ने तीन स्थानों से प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला भी जब्त किया, जिनकी कीमत 7.96 लाख रुपये थी। जब्ती के इन मामलों में तीन प्राथमिकी दर्ज की गईं और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा दो वाहन जब्त किए गए और दो प्रतिष्ठानों को सील किया गया। बंद करने का आदेश दिए गए प्रतिष्ठानों में मुंबई का राजधानी बिरयानी सेंटर, ठाणे जिले के भिवंडी में आराधना ड्राईफ्रूट स्वीट्स और पुणे के तीन खाद्य प्रतिष्ठान शामिल हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button