पुरुषों की चुप्पी बन सकती है डिप्रेशन की वजह, डॉक्टर से समझें पूरा मामला

अंबाला: ‘मर्द को दर्द नहीं होता’… बचपन से लड़कों को सिखाई जाने वाली यह बात बड़े होकर उनकी मानसिक सेहत पर भारी पड़ सकती है. दरअसल समाज में आज भी यह धारणा बनी हुई है कि पुरुषों को रोना नहीं चाहिए, उन्हें हर परिस्थिति में मजबूत बने रहना चाहिए और अपनी भावनाओं को जाहिर नहीं करना चाहिए. इसी सोच के चलते कई पुरुष अपने दुख, तनाव, डर और परेशानियों को किसी के सामने बयां नहीं कर पाते. लेकिन सवाल यह है कि क्या आंसू छिपाकर रखना वास्तव में मजबूती की निशानी है या फिर यह आदत धीरे-धीरे इंसान को अंदर से कमजोर कर सकती है?
भावनाएं दबाने से बढ़ सकता है मानसिक तनाव
बता दें कि भावनाओं को दबाकर रखने की यह आदत पुरुषों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है. परिवार की जिम्मेदारियां, नौकरी का दबाव, आर्थिक परेशानियां और रिश्तों में आने वाली समस्याएं पुरुषों को भी मानसिक रूप से प्रभावित करती हैं. इसके बावजूद कई लोग अपनी परेशानी किसी से साझा करने के बजाय चुप रहना बेहतर समझते हैं. यही चुप्पी आगे चलकर बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है.
इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में कार्यरत होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रजिता ने बताया कि आजकल एक कहावत काफी प्रचलित है कि ‘मर्द को दर्द नहीं होता’. कई बार पुरुष इसी सोच के कारण अपने अंदर चल रही परेशानियों और तकलीफों को किसी के सामने जाहिर नहीं कर पाते. उन्होंने बताया कि ऐसा बिल्कुल नहीं है कि पुरुषों को रोना नहीं आता या उनके अंदर भावनाएं नहीं होतीं. पुरुष भी दुखी होते हैं, उन्हें भी मानसिक और पारिवारिक परेशानियां होती हैं, लेकिन कई बार वे अपनी बात परिवार या दूसरे लोगों के सामने नहीं रख पाते. वे हर परेशानी को अपने अंदर ही दबाकर रखते हैं, जो धीरे-धीरे मानसिक तनाव का रूप ले सकती है.
मन की बात साझा करने से मिल सकती है राहत
डॉ. रजिता के अनुसार, अगर व्यक्ति अपने मन की बात किसी भरोसेमंद इंसान से साझा करता है तो उसे काफी राहत मिल सकती है. मन में चल रही बातों को लगातार दबाकर रखना एंग्जायटी और डिप्रेशन जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है. इसलिए पुरुषों को भी अपनी भावनाएं व्यक्त करनी चाहिए.
तनाव का शारीरिक सेहत पर भी पड़ता है असर
उन्होंने कहा कि लगातार तनाव और भावनाओं को दबाकर रखने से केवल मानसिक स्वास्थ्य ही प्रभावित नहीं होता, बल्कि शारीरिक सेहत पर भी असर पड़ सकता है. लंबे समय तक तनाव रहने से नींद की समस्या, थकान, चिड़चिड़ापन और ब्लड प्रेशर बढ़ने जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं. तनाव का असर दिल की सेहत और शरीर की सामान्य कार्यप्रणाली पर भी पड़ सकता है.
अकेलेपन से बचने के लिए नशे का सहारा लेना हो सकता है नुकसानदायक
वहीं, कई बार व्यक्ति अपनी परेशानी किसी को नहीं बताता और अकेलेपन से बचने के लिए शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सहारा लेने लगता है. इससे उसकी स्थिति और बिगड़ सकती है. उन्होंने कहा कि जब पुरुष अपने मन की बात पत्नी, माता-पिता, दोस्तों या परिवार के अन्य सदस्यों से साझा नहीं करते तो रिश्तों में संवाद की कमी आने लगती है. सामने वाला व्यक्ति उनकी परेशानी समझ नहीं पाता और धीरे-धीरे उनके बीच भावनात्मक दूरी बढ़ सकती है. ऐसे में व्यक्ति परिवार के बीच रहते हुए भी अकेलापन महसूस करने लगता है.
बच्चों को अपनी भावनाएं जाहिर करने का दें मौका
डॉ. रजिता ने बताया कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य में परिवार की बहुत बड़ी भूमिका होती है. माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों की बात ध्यान से सुनें और उन्हें अपनी परेशानियां बताने का अवसर दें. युवाओं को भी बिना किसी झिझक के अपने माता-पिता के साथ मन की बात साझा करनी चाहिए.
आज समाज में इस सोच को बदलने की जरूरत है कि रोना केवल कमजोरी की निशानी है. दुखी होना, डरना और भावुक होना इंसान की सामान्य भावनाएं हैं. पुरुषों को भी अपनी भावनाएं जाहिर करने और जरूरत पड़ने पर मदद मांगने का पूरा अधिकार है. आखिर मजबूत होने का मतलब यह नहीं कि इंसान कभी रोए ही नहीं, बल्कि असली मजबूती अपनी परेशानी को स्वीकार करने और उसका समाधान तलाशने में है.



