स्वास्थ्य

चाय-कॉफी ही नहीं, इन वजहों से भी होती है एसिडिटी, डॉक्टर से जानें बचाव के तरीके

फरीदाबाद: आजकल खानपान में बदलाव और बिगड़ी दिनचर्या के कारण लोगों में एसिडिटी की समस्या आम हो गई है. कई लोगों को खाना खाने के बाद सीने में जलन, खट्टी डकार और गले तक एसिड आने की शिकायत रहती है. अक्सर लोग इसके लिए चाय, कॉफी और बाहर मिलने वाले तले-भुने खाने को जिम्मेदार मानते हैं. हालांकि, एसिडिटी होने के पीछे सिर्फ यही वजह नहीं है. कई बार कमजोर पाचन तंत्र और शरीर को अनुकूल न होने वाला भोजन भी इस परेशानी को बढ़ा सकता है. सर्वोदय हॉस्पिटल फरीदाबाद के आयुर्वेदिक डॉक्टर और सीनियर कंसल्टेंट चेतन शर्मा ने बताया कि एसिडिटी किन कारणों से होती है और इससे राहत पाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.

चाय-कॉफी ही नहीं, खानपान भी है जिम्मेदार

डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि चाय और कॉफी का सेवन शरीर में एसिड बढ़ाने का एक कारण हो सकता है, लेकिन इसे एसिडिटी की एकमात्र वजह मानना सही नहीं है. कई लोग नियमित रूप से चाय-कॉफी पीते हैं, फिर भी उन्हें यह परेशानी नहीं होती. दरअसल, हमारे पेट में पहले से एसिड मौजूद रहता है, जो भोजन को पचाने में मदद करता है. जब इसकी मात्रा जरूरत से ज्यादा हो जाती है और यह ऊपर गले की तरफ आने लगता है, तो इस स्थिति को हाइपर एसिडिटी कहा जाता है.

चेतन शर्मा बताते हैं कि कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे होते हैं, जिन्हें पचाने में शरीर को ज्यादा समय लगता है. उदाहरण के तौर पर उड़द की दाल, राजमा, छोले और चने जैसे भोजन पचने में भारी होते हैं. इन्हें पचाने के लिए पेट को अधिक मेहनत करनी पड़ती है और एसिड का उत्पादन भी बढ़ सकता है. अगर किसी व्यक्ति का शरीर ऐसे भोजन को ठीक से पचा नहीं पाता है, तो उसे एसिडिटी की शिकायत होने लगती है.

कमजोर पाचन तंत्र भी बन सकता है वजह

चेतन शर्मा बताते हैं कि दूसरी बड़ी वजह कमजोर पाचन तंत्र और मेटाबॉलिज्म है. कई मरीजों को पानी पीने के बाद भी एसिडिटी महसूस होती है. इसका मतलब है कि उनका पाचन ठीक से काम नहीं कर रहा है. ऐसे में केवल चाय-कॉफी छोड़ने से समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी, बल्कि पाचन को बेहतर बनाने पर भी ध्यान देना जरूरी है.

पहले पहचानें परेशानी की असली वजह

चेतन शर्मा बताते हैं कि एसिडिटी से राहत पाने के लिए सबसे पहले उन चीजों की पहचान करनी चाहिए, जो शरीर को सूट नहीं करतीं. इसके बाद कमजोर पाचन की समस्या को सुधारने की जरूरत है. खानपान में इन दोनों बातों का ध्यान रखने से एसिड रिफ्लक्स की परेशानी कम करने में मदद मिल सकती है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button