स्वास्थ्य

सर्दी आते ही बच्चों पर सर्दी-जुकाम का हमला! घर में रखी इन चीजों से मिलेगी राहत, 

नवंबर का महीना शुरू होते ही मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है. सुबह और रात के समय ठंडी हवाओं तथा तापमान में उतार-चढ़ाव का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है. खासकर छोटे बच्चों में सर्दी, जुकाम और खांसी की समस्या बढ़ने लगती है. ऐसे मौसम में बच्चों की सेहत को लेकर अभिभावकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. इसी बीच छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के शासकीय आयुर्वेद औषधालय नेवारी कला के आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ चैतन्य पटेल ने सर्दी के मौसम में स्वास्थ्य की देखभाल और कुछ पारंपरिक घरेलू उपायों की जानकारी दी है.

डॉ पटेल के अनुसार, सर्दी-जुकाम की शुरुआती स्थिति में कुछ घरेलू उपायों से आराम मिल सकता है. पारंपरिक आयुर्वेदिक देखभाल में सरसों या तिल के तेल को हल्का गुनगुना करके उसमें चुटकी भर सेंधा नमक मिलाने का तरीका बताया जाता है. इस मिश्रण से छाती और पीठ पर हल्के हाथों से मालिश की जाती है. हालांकि बच्चों की त्वचा संवेदनशील होती है, इसलिए तेल का तापमान जांचना जरूरी है. मालिश के दौरान जोर से दबाव नहीं डालना चाहिए. ध्यान रहे कि यह उपाय सर्दी-जुकाम या फेफड़ों में संक्रमण का प्रमाणित इलाज नहीं है.

किन बच्चों को नहीं देना चाहिए शहद?
डॉ पटेल ने सितोपलादि चूर्ण को शहद के साथ लेने की पारंपरिक आयुर्वेदिक पद्धति का भी उल्लेख किया. हालांकि एक साल से कम उम्र के बच्चों को शहद बिल्कुल नहीं देना चाहिए. छोटे बच्चों को कोई भी आयुर्वेदिक चूर्ण चिकित्सकीय सलाह के बिना नहीं देना चाहिए.

ठंड में बच्चों की देखभाल के लिए जरूरी सावधानियां
ठंड के मौसम में बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं. पर्याप्त तरल पदार्थ दें और धूल-धुएं से दूर रखें. यदि बच्चे को सांस लेने में परेशानी, सीने में धंसाव, तेज बुखार, दूध पीने में दिक्कत या अत्यधिक सुस्ती दिखाई दे, तो घरेलू नुस्खों के भरोसे न रहें, तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें. विशेषकर नवजात शिशुओं में बुखार होने पर तत्काल चिकित्सा जांच जरूरी है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button