अन्य राज्य
15 अगस्त की खास तैयारियां, स्टेशनों पर बढ़ाई महिला सुरक्षाकर्मियों की संख्या, एक महीने तक तीन लेवल की सिक्योरिटी में रहेंगे रेलवे स्टेशन

नई दिल्ली: राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अगले एक महीने तक सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट मोड में रहेगी। नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद बिहार समेत कई स्टेशनों पर तीन लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का फैसला किया गया है। स्टेशन परिसर में प्रवेश से लेकर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के अंदर तक हर गतिविधि पर अधिकारियों की पैनी नजर रहेगी। अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
15 अगस्त, कांवड़ यात्रा और रक्षाबंधन को लेकर सुरक्षा
- रेलवे सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को तीन चरणों में बांटा गया है।
- पहली लेयर स्टेशन के प्रवेश द्वार और सर्कुलेटिंग एरिया में होगी, जहां यात्रियों और उनके सामान की सघन जांच की जाएगी।
- सीसीटीवी कैमरों से हर आने जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी जाएगी, जबकि डॉग स्क्वॉड समय समय पर पूरे परिसर की जांच करेगा।
- वहीं, दूसरी लेयर प्लेटफॉर्म पर होगी। यहां रेलवे सुरक्षा बल के जवान लगातार गश्त करेंगे।
- प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों, वेंडरों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
- ट्रेनों के आने और जाने के दौरान भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।
- तीसरी लेयर ट्रेन के भीतर और प्रस्थान के समय लागू रहेगी। ट्रेन रवाना होने से पहले कोचों की जांच की जाएगी।
- महत्वपूर्ण ट्रेनों में सुरक्षाकर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
- आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि एक महीने तक प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी।
- नॉर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु उपाध्याय का कहना है कि प्रमुख स्टेशनों पर आरपीएफ जवानों की संख्या बढ़ाई गई है।



