मनोरंजन

‘रामायण 2 की शूटिंग 60% पूरी’, सिनेमैटोग्राफर ने खोले 4000 करोड़ी मूवी के राज, बताया कैसे बनाई है फिल्म

फिल्म ‘रामायण 1’ दर्शकों की उम्मीदों पर काफी हद तक खरी उतरी है. फिल्म की भव्यता की खूब तारीफ हो रही है. ‘रामायण’ के सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने अब ‘रामायण 2’ पर अपडेट देते हुए इसकी मेकिंग पर विस्तार से बात की. उन्होंने बताया कि दूसरे पार्ट की 60 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो चुकी है. इसका वीएफक्स बहुत बड़े स्तर का है. उन्होंने दावा किया कि पहले पार्ट के मुकाबले दूसरा पार्ट ज्यादा भव्य होगा.

नई दिल्ली: पंकज कुमार मशहूर सिनेमैटोग्राफर हैं. उन्होंने महेश लिमये के साथ मिलकर ‘रामायण’ की सिनेमैटोग्राफी की कमान संभाली. पकंज कुमार ने इससे पहले अपने कैमरे में ‘तुम्बाड’ की रहस्यमयी दुनिया को कैद किया था. वे ‘ब्रह्मास्त्र’ के पांच सिनेमैटोग्राफरों में से एक थे. फिल्म ‘रामायण’ अपनी भव्यता के लिए सुर्खियों में है. 4000 करोड़ के बजट में बनी ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन कर रही है, मगर इसमें कलाकारी की कम चर्चा हो रही है. पंकज कुमार ने इसके रचनात्मक पक्ष पर खुलकर बात की और बताया कि ‘रामायण 2’ की 60 फीसदी शूटिंग पूरी हो चुकी है.

‘रामायण’ का दूसरा पार्ट 2028 की दिवाली रिलीज होगा. सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने ‘हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ से बातचीत में ‘रामायण 2’ की शूटिंग पर बड़ा खुलासा किया. वे बोले, हमने ‘पार्ट 2’ का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा पहले ही शूट कर लिया है. अभी बहुत सारा वीएफएक्स और मोशन कैप्चर का काम बाकी है, क्योंकि दूसरा पार्ट पहले पार्ट से कहीं ज्यादा भव्य होने वाला है. इसमें हनुमान और पूरी वानर सेना जैसे कई ‘कंप्यूटर जेनरेटेड’ किरदार शामिल हैं. अभी बहुत सारी बारीकियों पर काम करना बाकी है!

पंकज कुमार ने ‘रामायण’ में काम करने का अनुभव बयां किया. वे बोले, ‘इस फिल्म को करने के बाद मुझे लगता है कि सिनेमा की दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है.’ उन्होंने वीएफएक्स टीम के साथ काम का अनुभव बयां किया. वे बोले, ‘वीएफएक्स टीम शुरुआत से ही हमारे साथ जुड़ी हुई थी. सबसे पहले, प्रोडक्शन डिजाइनर्स और कॉन्सेप्ट आर्टिस्ट्स ने हमारे सामने कॉन्सेप्ट आर्ट पेश किया. हम अपने सुझाव देते थे और काफी सोच विचार के बाद कॉन्सेप्ट को फाइनल किया जाता था.’ 

पंकज कुमार आगे कहते हैं, ‘3डी आर्टिस्ट्स इसे प्री-विजुअलाइजेशन सॉफ्टवेयर में रेंडर करते थे. फिर हम कैमरा सेट करते थे, शॉट्स तय करते थे और कैमरे की मूवमेंट तय करते थे. मैं लाइटिंग के साथ कुछ एक्सपेरिटमेंट करता था और एक सीन को फाइनल करता था, जिसका पूरा सेटअप 3डी में एनिमेट किया जाता था. शूटिंग पर पहुंचने से पहले हर एक सीन की खाका तैयार किया जाता था. यह फिल्म तीन बार बनी- प्री-प्रोडक्शन, शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन के लेवल पर. किसी भी फिल्म के काम में मैंने डेस्क पर बैठकर इतना समय पहले कभी नहीं बिताया था. आमतौर पर, किसी फिल्म में मेरा ज्यादातर समय फील्ड पर कैमरा एंगल और लाइटिंग सेट करने में बीतता है. लेकिन यहां मैंने वीएफएक्स आर्टिस्ट्स के साथ सबसे ज्यादा मीटिंग्स कीं और प्रीव्यू देखे.

पंकज कुमार ‘रामायण’ से नवंबर 2023 में जुड़े थे. वे कम से कम एक साल तक हर एक सीन के ‘प्री-विजुअलाइजेशन’ को अंतिम रूप देने में लगे रहे. उन्होंने फिर शूटिंग शुरू की. शूटिंग के साथ ही प्री-विजुअलाइजेशन और पोस्ट-प्रोडक्शन का प्रोसेस भी चलता रहा. पोस्ट-प्रोडक्शन का काम तब शुरू हुआ, जब उन्हें लाइव फुटेज मिलने लगी यानी 2024 के बीच के आसपास. 

पंकज कुमार ने बताया कि ‘रामायण’ की कम से कम दो साल तक शूटिंग हुई, लेकिन बीच-बीच में लंबे अंतराल भी आए, क्योंकि कुछ सेट-पीस बहुत जटिल थे और कुछ सीक्वेंस के लिए मोशन-कैप्चर फुटेज की कई लेयर्स की जरूरत थी. वे कहते हैं, ‘जब भी आप बहुत सारी भीड़ देखते हैं या बैकग्राउंड में बहुत से लोगों को लड़ते हुए देखते हैं, तो उन सबको मोशन-कैप्चर के जरिए अलग-अलग परतों में शूट करना पड़ता है. खासकर जब बात क्रिएचर्स की हो. इसके अलावा, कई स्टंट्स को भी अलग-अलग परतों में शूट करना पड़ा.’

पंकज कुमार ने ‘रामायण’ के शानदार सीन्स पर भी बात की. उन्होंने कहा, अगर हम पहले सीक्वेंस की बात करें, जिसमें रावण की एंट्री होती है, तो उसमें कई लोग एक साथ उस पर हमला करते हैं. इसलिए, रावण जिन लोगों के साथ इंटरैक्ट कर रहा है, उन्हें एक ही लेयर में लाइव शूट किया गया था. बैकग्राउंड में लड़ने वाले सभी लोगों को अलग-अलग समय पर, अलग-अलग लेयर्स में शूट किया गया और बाद में उन्हें एक-साथ जोड़ दिया गया.’

पंकज फिर जटायु वाले सीक्वेंस पर बात की. वे बोले, ‘हमने केवल दो लाइव एक्टर्स यश और साई पल्लवी के साथ शूटिंग की. जटायु पूरी तरह से ‘कंप्यूटर जनरेटेड’ है. पक्षी का एक मॉडल था, जो बिल्कुल असली आकार का था और उसे नीले या कभी-कभी हरे रंग से रंगा गया था, ताकि यश को यह अंदाजा रहे कि वह जिस पक्षी के साथ इंटरैक्ट कर रहा है, उसका आकार क्या है. लेकिन सेट पर कोई एनिमेटेड पक्षी नहीं था और न ही कोई ऐसा एक्टर था जो पक्षी का अभिनय कर रहा हो.’

पंकज कुमार ने माना कि रामायण में उनका ‘क्रिएटिव इंपैक्ट’ सबसे कम रहा है, क्योंकि वहां सीन्स को तैयार करने के लिए एक बहुत बड़ी टीम काम कर रही है. वे फिल्म से एक टेक्निकल शख्स की भूमिका में जुड़े हैं. ‘रामायण’ के कुछ सीन्स के अलावा पूरी फिल्म इनडोर शूट हुई थी, इसलिए सेट पर ही नेचुरल लाइटिंग बनानी पड़ी, जो पंकज कुमार के लिए बड़ा मुश्किल काम था.

फिल्म ‘रामायण’ के विजुअल्स को लेकर कुछ आलोचना भी हो रही है, क्योंकि पेड़ असली पेड़ों जैसे नहीं लगते और सूरज भी असली सूरज जैसा नहीं दिखता. वे कहते हैं, ‘अगर हम रामायण की शूटिंग किसी असली जंगल में करते, तो दुनिया बहुत असली लगती, लेकिन शायद हमें यही नहीं चाहिए. हम चाहते हैं कि हमारी दुनिया और भी शानदार दिखे, असली जंगलों से कहीं बेहतर.’ राम और लक्ष्मण जिस जंगल में राक्षसों से लड़ने के लिए जा रहे हैं, वहां अगर हम असली पेड़ दिखाएं, तो शायद वह ‘भव्य’ अनुभव न मिल पाए, जहां विशाल राक्षस हमला कर रहे हों और हमारे किरदार एक पेड़ से दूसरे पेड़ पर झूल रहे हों. इसमें असलियत कहां है? इसमें कोई असलियत नहीं है. आप दर्शकों को एक काल्पनिक दुनिया दिखा रहे हैं. तो फिर, पत्तों या टहनियों के बिल्कुल असली दिखने पर इतना जोर क्यों देना?’

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button