आर्थिक विकास के बीच मध्य वर्ग और छोटे कारोबारियों की चुनौतियां, संतुलन बनाना क्यों जरूरी

लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी सरकार की सबसे बड़ी परीक्षा केवल आर्थिक विकास दर बढ़ाने की नहीं होती, बल्कि यह सुनिश्चित करने की होती है कि विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक संतुलित रूप से पहुंचे। निर्धन परिवारों को बुनियादी सुविधाओं की सुरक्षा चाहिए, उद्योगों को निवेश और विस्तार के अवसर चाहिए, जबकि मध्य वर्ग और छोटे कारोबारी स्थिर आय, कम लागत और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा की अपेक्षा रखते हैं। सफल आर्थिक नीति वही मानी जाएगी, जो इन विभिन्न आवश्यकताओं के बीच संतुलन स्थापित कर सके।
भारत में आर्थिक बहस अक्सर गरीबों के कल्याण और उद्योगों के प्रोत्साहन के इर्द-गिर्द केंद्रित रहती है। यह स्वाभाविक भी है, क्योंकि किसी भी लोकतंत्र में कमजोर वर्गों की सहायता और निवेश को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। मगर इस विमर्श में मध्य वर्ग और छोटे कारोबारियों की स्थिति कई बार अपेक्षित गंभीरता से चर्चा का विषय नहीं बन पाती। जबकि यही वह वर्ग है जो कर भुगतान, उपभोग, रोजगार सृजन और बचत के माध्यम से अर्थव्यवस्था की रीढ़ का काम करता है।
मध्य वर्ग का जीवन निरंतर संतुलन साधने का प्रयास है। महीने की आय आने के साथ ही उसका बड़ा हिस्सा मकान की किस्त या किराए, बच्चों की पढ़ाई, बिजली-पानी, परिवहन, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतों में खर्च हो जाता है। नौकरीपेशा वर्ग प्रत्यक्ष कर चुकाता है और उपभोग के दौरान अप्रत्यक्ष करों का भार भी वहन करता है। इन सबके बाद बचत के लिए सीमित संसाधन ही बचते हैं। ऐसे में महंगाई या किसी अप्रत्याशित संकट का असर इस वर्ग पर अपेक्षाकृत तेजी से पड़ता है।
STORIES YOU MAY LIKE
छोटे कारोबारी की स्थिति भी कम चुनौतीपूर्ण नहीं है। किसी दुकान, प्रतिष्ठान या छोटे उद्यम की कुल बिक्री को उसकी वास्तविक आय नहीं माना जा सकता। किराया, कर्मचारियों का वेतन, माल की खरीद, बिजली, परिवहन और अन्य परिचालन खर्च निकालने के बाद ही वास्तविक लाभ सामने आता है। प्रतिस्पर्धा बढ़ने, कर्ज महंगा होने या मांग घटने की स्थिति में छोटे व्यापारियों के लिए कारोबार चलाना कठिन हो सकता है।
पिछले दो दशकों की आर्थिक यात्रा को देखें, तो विभिन्न दौरों में अलग-अलग प्रकार की उपलब्धियां और चुनौतियां दिखाई देती हैं। 2004 से 2014 के बीच के वर्षों में कई बार महंगाई ने घरेलू बजट पर दबाव डाला। खाद्य पदार्थों और ईंधन की कीमतों में वृद्धि ने आम उपभोक्ताओं को प्रभावित किया। दूसरी ओर, कारोबारियों को बहुस्तरीय कर व्यवस्थाओं और जटिल प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जूझना पड़ता था।
2014 के बाद आर्थिक ढांचे में कई परिवर्तन हुए। डिजिटल भुगतान का विस्तार हुआ, आधारभूत ढांचे के विकास पर बल बढ़ा, बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच का दायरा विस्तृत हुआ और प्रशासन में तकनीक के उपयोग को प्रोत्साहन मिला। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के माध्यम से विभिन्न अप्रत्यक्ष करों को एकीकृत करने का प्रयास किया गया। इन कदमों ने आर्थिक गतिविधियों में पारदर्शिता और औपचारिकता को बढ़ावा दिया। हालांकि यह भी सत्य है कि इन परिवर्तनों के प्रभाव सभी क्षेत्रों और सभी कारोबारियों पर समान रूप से नहीं पड़े।
विशेष रूप से छोटे व्यापारियों के लिए नई व्यवस्था कई नई जिम्मेदारियां भी लेकर आई। ऑनलाइन आयकर रिटर्न, डिजिटल लेखांकन और अनुपालन संबंधी प्रक्रियाएं बड़े संगठित कारोबारों की तुलना में छोटे उद्यमों के लिए अधिक चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती हैं। बड़ी कंपनियां विशेषज्ञों की मदद लेने में सक्षम होती हैं, जबकि छोटा कारोबारी अक्सर स्वयं ही खरीद-बिक्री से लेकर लेखा-जोखा तक संभालता है। या फिर इस काम के लिए उसे वैध तरीके से काम करने वाले किसी पेशेवर की मदद लेनी पड़ सकती है, जिसके लिए उसे अतिरिक्त खर्च का भार वहन करना होगा। इसलिए आर्थिक सुधारों के साथ-साथ प्रक्रियात्मक सरलता भी उतनी ही महत्त्वपूर्ण है।
उद्योगों को प्रोत्साहन देने की नीति को व्यापक आर्थिक दृष्टि से देखा जाना चाहिए। निवेश बढ़ेगा तो उत्पादन, रोजगार और राजस्व सृजन के अवसर भी बढ़ेंगे। मगर इस प्रक्रिया में यह सुनिश्चित करना भी आवश्यक है कि छोटे और मध्यम उद्यम प्रतिस्पर्धा में पीछे न छूट जाएं। सस्ती ऋण सुविधा, समय पर भुगतान, नियामकीय सरलता और तकनीकी सहायता जैसे उपाय छोटे कारोबारियों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
मध्य वर्ग की चिंताएं केवल कर भार तक सीमित नहीं हैं। वास्तविक प्रश्न यह है कि आय और कर भुगतान के बाद परिवार के पास कितनी आर्थिक सुरक्षा बचती है। आज शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में निजी खर्च लगातार बढ़ रहा है। अनेक परिवार बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए निजी संस्थानों का सहारा लेते हैं। इसी प्रकार, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता न होने पर निजी अस्पतालों का विकल्प चुनना पड़ता है। परिणामस्वरूप आय का बड़ा हिस्सा आवश्यक सेवाओं पर खर्च हो जाता है।
निस्संदेह सरकारें शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों पर व्यापक निवेश करती हैं। गरीब और वंचित वर्गों को खाद्यान्न, आवास तथा अन्य सहायता योजनाओं के माध्यम से सुरक्षा प्रदान करना राज्य की अनिवार्य जिम्मेदारी है। मगर इसके साथ यह पक्ष भी प्रासंगिक है कि सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता इतनी सुदृढ़ हो कि नागरिकों को बुनियादी जरूरतों के लिए अत्यधिक निजी व्यय न करना पड़े।
आर्थिक नीति का उद्देश्य केवल राजस्व संग्रह या विकास दर बढ़ाना नहीं होना चाहिए। उसका अंतिम लक्ष्य नागरिकों की जीवन-गुणवत्ता में सुधार होना चाहिए। अगर आय बढ़ने के बावजूद परिवार की बचत नहीं बढ़ रही, शिक्षा और स्वास्थ्य का खर्च लगातार घरेलू बजट पर दबाव बना रहा है, या छोटे कारोबारियों के लिए व्यवसाय चलाना अधिक कठिन हो रहा है, तो नीति-निर्माताओं को इन संकेतों पर गंभीरता से विचार करना होगा।
आर्थिक विकास की वास्तविक कसौटी यही है कि सामान्य नागरिक स्वयं को कितना सुरक्षित और सक्षम महसूस करता है। गरीबों को राहत, उद्योगों को प्रोत्साहन और मध्य वर्ग को आर्थिक स्थिरता प्रदान करना परस्पर विरोधी लक्ष्य नहीं हैं। बल्कि इन्हीं तीन स्तंभों के बीच संतुलन स्थापित करके एक मजबूत, समावेशी और टिकाऊ अर्थव्यवस्था का निर्माण किया जा सकता है। मध्य वर्ग और छोटे कारोबारियों की चुनौतियों को समझना किसी राजनीतिक बहस का विषय नहीं, बल्कि देश की आर्थिक सेहत का अनिवार्य प्रश्न है। यही वह वर्ग है जो कर चुकाता है, रोजगार देता है, उपभोग बढ़ाता है और भविष्य के लिए बचत करता है। इसलिए इसकी आर्थिक क्षमता को मजबूत बनाए रखना राष्ट्रीय प्राथमिकता होनी चाहिए।



