राजनीति

NCP का विलय होगा या नहीं, शरद पवार और सुनेत्रा पवार साफ-साफ बताएं, विधायकों और नेताओं की टॉप लीडरशिप से मांग

पुणे : NCP के एक असंतुष्ट गुट ने विरोधी गुट के साथ विलय की बातचीत फिर से शुरू करने की कोशिश की। इस तरह के कदम पर सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली पार्टी के भीतर भ्रम पैदा हो गया है। तस्वीर साफ नहीं हो पा रही है कि एनसीपी के दोनों धड़ एक होने जा रहे हैं या नहीं। अब एनसीपी के विधायकों समेत कई पार्टी सदस्यों ने शीर्ष नेतृत्व से इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण मांगा है। उनका कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, भ्रम की स्थिति हैं, इस पर टॉप लीडरशिप को खुलकर बयान देना चाहिए।

NCP के शीर्ष नेतृत्व के बीच मतभेदों के बीच, पिछले हफ्ते पार्टी प्रमुख सुनेत्रा पवार ने 30 से अधिक विधायकों को संबोधित किया। बैठक में शामिल लोगों के अनुसार, प्रस्तावित विलय पर कोई चर्चा नहीं हुई।

प्रफुल्ल पटेल की शरद पवार से मुलाकात के बाद उठा मुद्दा

पुणे जिले के एक NCP विधायक ने बताया कि हालांकि पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता निजी तौर पर मानते हैं कि विलय सहित कई विकल्पों पर विचार करने की कोशिशें चल रही हैं। हालांकि पार्टी नेतृत्व की ओर से इस मुद्दे पर कोई सीधी बातचीत नहीं हुई है। पिछले हफ्ते NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल की NCP (SP) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात के बाद इन अटकलों को और बल मिला। उस समय शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे।

मुलाकात के बाद प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि वह 10 नवंबर के बाद फिर से शरद पवार से मिलेंगे, तब राजनीतिक चर्चा हो सकती है। इसके बाद, सुनेत्रा के बड़े बेटे और राज्यसभा सदस्य पार्थ पवार ने मुंबई में दो दिनों के भीतर अपने दादा (शरद पवार) से दो बार मुलाकात की।

‘मुंबई में कोर कमेटी की बैठक’

एक अन्य विधायक ने कहा कि पार्टी के भीतर बढ़ता भ्रम देखते हुए, हम चाहते हैं कि हमारे वरिष्ठ नेता सभी विधायकों की एक और बैठक बुलाएं और हमारी चिंताओं को दूर करें। हमें उम्मीद है कि दिवाली के बाद मुंबई में विधायकों और कोर कमेटी के सदस्यों के बीच एक बैठक होगी। शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात से पहले ही, NCP सदस्यों के एक वर्ग ने विलय के मुद्दे पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से स्पष्टीकरण मांगा था।

अजीत पवार की मौत के बाद से उठा मामला

28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की मौत के बाद विलय की बातचीत रुक गई थी। उस समय राज्य NCP अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा था कि दोनों गुटों के बीच विलय को लेकर कोई बातचीत नहीं हो रही है। कुछ दिन पहले उन्होंने अपना रुख बदलते हुए कहा कि उन्हें इन बातचीत के बारे में पता था, और अगर अजीत पवार जीवित होते, तो अब तक विलय हो चुका होता।

‘प्रफुल्ल पटेल ने क्यों बदला रुख?’

सुनील तटकरे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, NCP के राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेश पाटिल ने कहा कि राज्य पार्टी अध्यक्ष की बातें विरोधाभासी हैं। उन्होंने कहा कि विलय के मुद्दे पर उनके (ततकरे के) पहले के रुख में पूरी तरह से बदलाव आया है। चूंकि वे हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं, इसलिए हम उनसे स्पष्टीकरण नहीं मांग सकते। मीडिया को उनसे पूछना चाहिए कि आखिर किस वजह से उन्होंने अपना रुख बदला है।

आसान नहीं है एनसीपी का विलय, दोनों पार्टियों में होगा बड़ा असंतोष

विलय के प्रस्ताव पर बात करते हुए उमेश पाटिल ने कहा कि कहना आसान है, लेकिन करना मुश्किल। उन्होंने दावा किया कि ऐसा कदम उठाने से पार्टी के कई सदस्य नाराज हो जाएंगे, चाहे वे शीर्ष नेतृत्व के हों या जमीनी स्तर के कार्यकर्ता। फिलहाल ये दो अलग-अलग पार्टियां हैं, और हर जिले में इनका अपना संगठनात्मक ढांचा है। अगर मान भी लें कि विलय हो जाता है, तो ब्लॉक और तहसील स्तर से लेकर जिला स्तर तक कई पदाधिकारियों को अपने पदों से हटना पड़ेगा, ताकि दूसरे गुट के लोगों को वहां जगह दी जा सके। इससे दोनों तरफ के कई सदस्य नाराज हो जाएंगे।

रोहित पवार ने भी शरद पवार से मुलाकात को बताया निजी

NCP (SP) का कहना है कि उनकी पार्टी के भीतर विलय को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। सोमवार को पार्टी के विधायक और शरद पवार के प्रपौत्र रोहित पवार ने मुंबई में NCP (SP) प्रमुख से मुलाकात की। रोहित ने कहा कि मैं दिवाली के मौके पर उनका आशीर्वाद लेने और उनका हाल-चाल जानने गया था। हमने विलय के बारे में कोई चर्चा नहीं की। यह पूरी तरह से एक निजी मुलाकात थी।

हमारे बिना एनसीपी में विलय संभव नहीं, देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार के लिए कही बड़ी बात

मुंबई: एनसीपी के दोनों गुटों के विलय संबंधित चर्चा के बीच महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। मंगलवार को सीएम बंगला वर्षा में आयोजित दिवाली मिलन में देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि दोनों पार्टियां स्वतंत्र हैं और मिलकर फैसला ले सकते हैं। अभी अजित गुट से कोई जानकारी नहीं मिली है। सिर्फ शरद पवार और सुनेत्रा पवार ही स्पष्ट कर सकते हैं कि एनसीपी के दोनों गुटों का विलय होगा या नहीं।

अजित पवार से सुनेत्रा पवार की तुलना गलत

देवेंद्र फडणवीस ने साफ किया कि अगर शरद पवार और सुनेत्रा पवार पार्टी के विलय का फैसला करते हैं, तो वे आकर हमें बताएंगे क्योंकि हमारे बिना विलय नहीं हो सकता। इनमें से किसी ने भी बीजेपी के साथ ऐसे प्रस्ताव पर चर्चा नहीं की है। डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार की तुलना दिवंगत नेता अजित पवार से करने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए फडणवीस ने कहा कि ऐसी तुलना करना ही गलत होगा। अजित दादा एक ऐसे नेता थे जो समय की कसौटी पर खरे उतरे थे। उनके पास दशकों का राजनीतिक अनुभव था और उन्हें महाराष्ट्र की गहरी समझ थी। सुनेत्रा पवार अभी परिस्थितियों के हिसाब से खुद ढाल रही हैं। वह एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर पार्टी संभाल रही हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button