छत्तीसगढ़

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अंबिकापुर में उमड़ा जनसैलाब, CM विष्णुदेव साय ने हजारों लोगों संग किया योग

अंबिकापुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मैदान में हजारों लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और मजबूत आत्मबल का आधार है। योग व्यक्ति को जीवन की चुनौतियों का सामना धैर्य, संतुलन और सकारात्मक सोच के साथ करने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की इस प्राचीन परंपरा को अपना रही है और योग वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन का रूप ले चुका है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों का उत्साह देखने लायक था। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे थे। हजारों लोगों ने एक साथ योगासन कर स्वस्थ रहने और दूसरों को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। पूरे परिसर में योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का माहौल दिखाई दिया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक रामकुमार टोप्पो सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने योगाभ्यास में हिस्सा लेकर लोगों को स्वस्थ और फिट रहने का संदेश दिया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने अंबिकापुर को योगमय बना दिया। मुख्यमंत्री के साथ हजारों लोगों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि योग आज केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को जोड़ने वाला एक सशक्त माध्यम बन चुका है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button