ओमान में होगी ईरान और अमरीका की वार्ता

एजेंसियां— तेहरान
ईरान और अमरीका के बीच वार्ता शुक्रवार को ओमान में होगी। ईरानी मीडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी। पिछले महीने ईरान में देशव्यापी विरोध प्रदर्शन पर सख्त कार्रवाई के बाद से तेहरान और वॉशिंगटन के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। अद्र्ध-सरकारी समाचार एजेंसियों आईएसएनए और तसनीम व स्टूडेंट न्यूज नेटवर्क ने बताया कि बातचीत ओमान में होगी। हालांकि, ओमान के सुल्तान ने इसकी पुष्टि नहीं की। ओमान पहले भी परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान और अमरीका के बीच कई दौर की वार्ता की मेजबानी कर चुका है। अमरीका ने इस बात की पुष्टि नहीं की कि वार्ता ओमान में होगी। हालांकि, व्हाइट हाउस ने कहा कि मंगलवार को अमरीका की ओर से एक ईरानी ड्रोन को मार गिराए जाने और ईरान की ओर से अमरीकी ध्वज वाले जहाज को रोकने के प्रयास के बावजूद उसे वार्ता होने की उम्मीद है। अमरीका स्थित न्यूज एजेंसी ‘ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स’ के मुताबिक, कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बताया कि ईरानी शासन की ओर से दमन में गिरफ्तार लोगों की संख्या पचास हजार से अधिक हो गई है।



