संपादकीय

रूस-यूक्रेन युद्ध के संदर्भ में पीएम मोदी की यात्रा की अहमियत

23 अगस्त को पोलैंड के बाद पोलैंड से ही ट्रेन के जरिए पीएम मोदी यूक्रेन जाएंगे। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यूक्रेन यात्रा है। खासकर रूस-यूक्रेन युद्ध के संदर्भ में इस यात्रा की अहमियत बहुत बढ़ जाती है। पिछले महीने जब पीएम मोदी रूस यात्रा पर गए थे और वहां रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पूतिन से मुलाकात की थी, तो उस पर निराशा जताने वालों में यूक्रेन के जेलेंस्की भी थे। एक महीने के अंदर हो रही प्रधानमंत्री मोदी की यूक्रेन यात्रा इस तथ्य को रेखांकित करती है कि भारत रूस और यूक्रेन दोनों के साथ अपने रिश्तों को लेकर गंभीर है और उनके बीच हो रहे युद्ध का असर अपने किसी रिश्ते पर नहीं पड़ने देना चाहता।

रिश्तों के 70 साल : पीएम मोदी की पोलैंड यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों देशों के बीच कूटनीतिक रिश्तों के 70 वर्ष पूरे हो रहे हैं। वह पिछले 45 वर्षों में पोलैंड जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। उनकी इस यात्रा के दौरान द्विपक्षीय रिश्तों के विभिन्न पहलुओं पर बातचीत होगी। ध्यान रहे, पोलैंड में रह रहे भारतीयों की संख्या करीब 25000 है जिनमें 5000 से ज्यादा स्टूडेंट्स हैं। यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद जब वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने की चुनौती सामने आई थी, तो पोलैंड का सहयोग अहम साबित हुआ था। तब ‘ऑपरेशन गंगा’ के दौरान करीब 4000 स्टूडेंट्स पोलैंड के रास्ते ही स्वदेश लाए गए थे।

युद्ध के उतार-चढ़ाव : दिलचस्प है कि जब पीएम मोदी कीव पहुंच रहे हैं तब यूक्रेन की सेना ने कुछ रूसी क्षेत्रों में दबाव बढ़ा रखा है। लेकिन भारत युद्ध के उतार-चढ़ावों से खुद को अलग रखे हुए है। उसका शुरू से कहना है कि कूटनीतिक बातचीत के जरिए ही सारे विवाद हल किए जाने चाहिए। पीएम मोदी जब 2022 में समरकंद में रूसी राष्ट्रपति पूतिन से मिले थे, तब भी उनसे कहा था कि यह युद्ध का दौर नहीं है और जब हालिया रूसी यात्रा के दौरान उनसे मिले तब भी कहा कि युद्ध के मैदान में कोई हल नहीं निकलने वाला।

स्वतंत्र और संतुलित नीति : खास बात यह है कि चाहे रूस और यूक्रेन हों या अमेरिका और अन्य यूरोपीय देश, भारत इनमें से किसी के भी दबाव में आए बगैर अपने राष्ट्रीय हितों के अनुरूप स्वतंत्र और संतुलित नीति पर कायम है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बिरादरी आज भी यह उम्मीद बनाए हुए है कि दोनों देशों से करीबी की बदौलत भारत शांति प्रयासों को अंजाम तक पहुंचाने में विशेष भूमिका निभा सकता है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button