अन्य राज्य

दिल्ली में पत्नी की हत्या कर खुद थाने पहुंचा पति, कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा

दिल्ली में चरित्र पर शक के चलते एक पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंचा और अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली. इस मामले में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने आरोपी पति को हत्या का दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है. अदालत ने दोषी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. हालांकि, अभियोजन पक्ष ने आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग की थी, लेकिन अदालत ने इस मामले को रेयरेस्ट ऑफ द रेयर मानने से इनकार कर दिया.

कड़कड़डूमा कोर्ट के डिस्ट्रिक्ट जज पवन कुमार मट्टो की बेंच ने आरोपी अमन को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत दोषी ठहराया. अदालत ने अपने फैसले में आरोपी को आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई. इस मामले में पुलिस की जांच और वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक सबूतों ने आरोपी के खिलाफ केस को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई.

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा था आरोपी पति

यह मामला 25 फरवरी 2025 का है. उस दिन शाम करीब 5 बजे हर्ष विहार थाने के ड्यूटी ऑफिसर ने नंद नगरी थाना पुलिस को सूचना दी कि अमन नाम का एक युवक थाने पहुंचा है. उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है.

सूचना मिलने के बाद नंद नगरी थाना पुलिस की टीम हर्ष विहार थाने पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर घटनास्थल पर पहुंची. वहां आरोपी की पत्नी का शव पड़ा हुआ था. महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी.

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को बुलाया और जरूरी सबूत जुटाए. इसके बाद महिला को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच होते थे झगड़े

पुलिस की जांच में सामने आया कि अमन और महिला की शादी नवंबर 2023 में हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गए थे. अमन को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था. उसे संदेह था कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे.

पुलिस के मुताबिक, 25 फरवरी 2025 को भी इसी शक को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. इस दौरान गुस्से में आकर अमन ने दोपहर करीब दो बजे अपनी पत्नी का गला घोंट दिया. दम घुटने की वजह से महिला की मौत हो गई. हत्या करने के बाद आरोपी ने भागने के बजाय खुद हर्ष विहार थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी.

मामले में नंद नगरी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक और फॉरेंसिक सबूत जुटाए. इसके अलावा मेडिकल रिपोर्ट और दूसरे जरूरी साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया.

पुलिस ने सभी सबूतों के आधार पर 24 मई 2025 को अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी. इसके बाद 23 सितंबर 2025 से मामले की सुनवाई शुरू हुई. सुनवाई के दौरान पुलिस की तरफ से पेश किए गए सबूतों और गवाहों को अदालत ने परखा. आखिरकार 27 अक्टूबर 2026 को अदालत ने आरोपी अमन को हत्या का दोषी करार दिया.

अभियोजन पक्ष ने मांगी थी फांसी की सजा

आरोपी को सजा सुनाने से पहले अदालत में सजा की अवधि को लेकर बहस हुई. दिल्ली पुलिस की तरफ से पेश वकील विनीत कुमार ने आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग की. उन्होंने अदालत को बताया कि महिला की कम उम्र में हत्या कर दी गई और उसकी करीब ढाई साल की मासूम बेटी मां के साये से हमेशा के लिए वंचित हो गई.

हालांकि, अदालत ने इस मामले को रेयरेस्ट ऑफ द रेयर की श्रेणी में रखने से इनकार कर दिया. कोर्ट ने आरोपी की कम उम्र और उसके पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होने को भी ध्यान में रखा. इन परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने उसे फांसी के बजाय उम्रकैद की सजा सुनाई. साथ ही 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया.

नानी के पास रह रही मासूम बेटी को मिलेगा मुआवजा

इस पूरे मामले का सबसे दुखद पहलू ढाई साल की मासूम बच्ची है, जिसने अपनी मां को हमेशा के लिए खो दिया. मां की हत्या के बाद बच्ची फिलहाल अपनी नानी के पास रह रही है.

अदालत ने बच्ची के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दिल्ली लीगल सर्विस अथॉरिटी (DLSA) को निर्देश दिया है कि उसे बीएनएसएस की धारा 396 और दिल्ली पीड़ित मुआवजा योजना-2018 के तहत उचित मुआवजा दिया जाए.

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में दोषी अमन के पास पैसा या संपत्ति आती है तो उसे मुआवजे की रकम डीएलएसए को वापस करनी होगी. इस तरह अदालत ने आरोपी को सजा सुनाने के साथ ही मां को खो चुकी मासूम बच्ची के आर्थिक भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में भी निर्देश दिए हैं.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button