जरा हट के

महान वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस की तिजोरी में क्या है? 89 साल से है बंद; हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

रांची/गिरिडीह. पेड़-पौधों में भी हमारी तरह जान होती है, दुनिया को यह बताने वाले महान वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चंद्र बोस की एक बंद तिजोरी इन दिनों फिर सुर्खियों में है. गिरिडीह के ‘शांति भवन’ में रखी यह लोहे की तिजोरी पिछले 89 वर्षों से बंद है. अब झारखंड हाई कोर्ट ने इस मामले में खुद संज्ञान लिया है और राज्य सरकार से जवाब मांगा है. कोर्ट की इस दखल के बाद उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस तिजोरी का रहस्य खुलेगा.

आखिर क्या है इस बंद तिजोरी का रहस्य?

गिरिडीह का बरगंडा इलाका शांत और हरियाली से घिरा हुआ है. इसी इलाके के शांति भवन में आचार्य बोस ने 23 नवंबर 1937 को अपनी आखिरी सांस ली थी. उनके जाने के बाद से ही यह तिजोरी बंद पड़ी है. वैज्ञानिकों और रिसर्चरों का मानना है कि इस बंद लोहे के सीने में विज्ञान के कुछ ऐसे अनमोल सूत्र, अनछुए दस्तावेज और रिसर्च पेपर हो सकते हैं, जो आज भी दुनिया के सामने नहीं आ पाए हैं.

गिरिडीह से था गहरा नाता

1858 में जन्मे जगदीश चंद्र बोस का झारखंड के गिरिडीह से बेहद खास लगाव था. जंगलों और पेड़-पौधों से घिरे इस शांत इलाके में उन्होंने अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा रिसर्च करते हुए बिताया. उनके इसी घर को बाद में सरकारी संरक्षण में लेकर ‘जगदीश चंद्र बोस स्मृति विज्ञान भवन’ बनाया गया. यहां उनके बनाए कुछ यंत्र जैसे क्रेस्कोग्राफ (पेड़-पौधों की धड़कन नापने वाला यंत्र) आज भी रखे हैं, लेकिन उनकी धरोहर को सहेजने के लिए जैसी बड़ी कोशिश होनी चाहिए थी, वैसी कभी हुई नहीं.

कलाम साहब खोलने वाले थे यह तिजोरी

ऐसा नहीं है कि इसे खोलने की कोशिश पहली बार हो रही है. करीब पांच साल पहले जिला प्रशासन ने एक बेहतरीन योजना बनाई थी. तय हुआ था कि देश के मिसाइल मैन और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को गिरिडीह बुलाया जाए और उन्हीं के हाथों इस ऐतिहासिक तिजोरी को खुलवाया जाए. लेकिन ऐन वक्त पर उनका कार्यक्रम टल गया और यह राज, राज ही रह गया.

अब आगे क्या?

अब जब हाई कोर्ट ने खुद इस मामले को जनहित याचिका में बदल दिया है, तो विज्ञान प्रेमियों में एक नई उम्मीद जगी है. हर कोई यह जानने को बेताब है कि 89 साल से बंद इस लोहे के बक्से में आचार्य बोस हमारे लिए ज्ञान का कौन सा खजाना छोड़कर गए हैं.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button