मध्यप्रदेश

खंडवा में दिनभर विरोध के बाद रात में दरगाह पर चला बुलडोजर, शहरकाजी ने कार्रवाई का किया विरोध

 खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में लंबे समय से बंद पड़ी श्री मानसिंहका आयल मिल की सरकारी जमीन पर बनी दीवार और इससे लगी सड़क किनारे की दरगाह को जिला प्रशासन ने मंगलवार रात बुलडोजर से हटा दिया।

दिनभर चले विरोध, नोकझोंक और गहमागहमी के बाद प्रशासन ने रात करीब आठ बजे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की। विरोध की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।

इससे पहले दोपहर में शहरकाजी ने कार्रवाई का विरोध करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि दरगाह तोड़ी गई तो शहर के मंदिरों के बाहर धरना दिया जाएगा।

इससे पहले प्रशासन की टीम मानसिंहका मिल की दीवार और उससे लगी दरगाह हटाने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होने पर शहरकाजी सैयद निसार अली कई लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए।

उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर के सामने मास्टर प्लान का हवाला देने पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि शहर में कई स्थानों पर मंदिर होने के कारण सड़क और मास्टर प्लान के प्रावधान लागू नहीं किए जाते।

उन्होंने प्रशासन पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। विरोध के दौरान भीड़ बढ़ने से सिटी मजिस्ट्रेट भी उसमें घिर गए। पुलिसकर्मियों ने सबको बाहर निकाला। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर अधिकारी भी पहुंच गए। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button