SIR: 43.32 लाख वोटर्स फिर जुड़वा सकेंगे नाम, ऐसे वोटर्स को एन्यूमरेशन फॉर्म बांटने और फॉर्म जमा कराने की प्रक्रिया शुरू

नई दिल्ली: फॉर्म -6 भरा है तो दोबारा न भरें एन्यूमरेशन फॉर्म दिल्ली में SIR के तहत जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर हुए करीब 43.32 लाख वोटर्स को अब अपना नाम फाइनल वोटर लिस्ट में शामिल कराने का एक और मौका मिलेगा। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने विशेष अभियान शुरू किया है। मंगलवार से ऐसे वोटर्स को एन्यूमरेशन फॉर्म बांटने और भरे हुए फॉर्म जमा कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। जमा हुए फॉर्मों का निपटारा 10 दिसंबर तक किया जाएगा।
फॉर्म-6 भरने वालों को राहत, 22 दिसंबर को आएगी फाइनल लिस्ट
CEO ऑफिस ने स्पष्ट किया है कि जिन वोटर्स ने नाम शामिल कराने के लिए पहले ही फॉर्म -6 भर दिया है, उन्हें दोबारा एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की जरूरत नहीं है। उनके फॉर्म -6 पर चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिन बेघर लोगों के पास पते का कोई दस्तावेज नहीं है, उनके मामले में BLO की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट को निवास प्रमाण के तौर पर स्वीकार किया जाएगा। विशेष अभियान के तहत नाम दोबारा जुड़ने पर मतदाताओं को पहले वाला ही EPIC नंबर दिया जाएगा। फाइनल वोटर लिस्ट 22 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।
जमा हुए फॉर्म का निपटारा 10 दिसंबर तक किया जाएगा
- 30 जून से 17 अगस्त तक चले एन्यूमरेशन चरण के दौरान जिन वोटर्स को फॉर्म जारी किए गए थे, लेकिन उनके नाम 31 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो सके, उन्हें यह मौका दिया जा रहा है। ऐसे वोटर्स को ASDD (एब्सेंट, शिफ्टेड, डेड और डुप्लीकेट) श्रेणी में रखा गया था। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में दिल्ली के कुल 1.45 करोड़ वोटर्स में से करीब 47.5 लाख के नाम हटाए गए थे। इनमें 43.32 लाख शिफ्टेड, 2.82 लाख मृत और 1.45 लाख ऐसे मतदाता थे, जिनके नाम एक से ज्यादा जगह दर्ज थे।
- CEO ऑफिस ने बताया कि जिन वोटर्स को शिफ्टेड चिह्नित किया गया है, लेकिन वे उसी एड्रेस पर रह रहे हैं, उन्हें भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म और एनेक्सचर-बी जमा करना होगा। इसमें उन्हें यह बताना होगा कि वे पहले एन्यूमरेशन फॉर्म क्यों नहीं भर सके थे।
छूटे और शिफ्ट हुए वोटर्स के लिए अलग-अलग एनेक्सचर का प्रावधान
वहीं, दिल्ली के भीतर ही एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट हुए वोटर्स को एन्यूमरेशन फॉर्म के साथ एनेक्सचर-सी भरकर नया एड्रेस और विधानसभा क्षेत्र बताना होगा। ऐसे वोटर्स को एड्रेस बदलने के लिए अलग से फॉर्म -8 भरने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें नए एड्रेस के प्रमाण के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के ERO या AERO के पास फॉर्म जमा करना होगा। वे नए क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से भी मदद ले सकते हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से जमा कर सकेंगे फॉर्म
वोटर भरे हुए फॉर्म संबंधित BLO, ERO या AERO को दे सकते हैं। इसके अलावा ECINet ऐप के जरिए ऑनलाइन भी फॉर्म जमा करने की सुविधा है। खाली एन्यूमरेशन फॉर्म और उसके एनेक्सचर चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या ECINet ऐप से पुराने EPIC नंबर के जरिए डाउनलोड किए जा सकते हैं। BLO से फॉर्म की हार्ड कॉपी भी ली जा सकती है। इसके अलावा BLO फॉर्म WhatsApp, SMS या ईमेल के जरिए भी उपलब्ध करा सकते हैं।



