भोपाल में आधी रात शराब के नशे में युवकों की स्टंटबाजी, SUV पलटी तो राहगीरों को पीटा

भोपाल। राजधानी भोपाल के देहात क्षेत्र में शराब के नशे में वाहन से स्टंटबाजी और गुंडागर्दी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है।
ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के लांबाखेड़ा मुख्य मार्ग पर रविवार-सोमवार की रात करीब दो बजे नशे में धुत युवक एसयूवी से स्टंट कर रहे थे।
इसी दौरान ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ा और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। गनीमत रही कि एसयूवी में सवार तीन युवकों में किसी को चोट नहीं लगी।
हालांकि हादसे के बाद अपनी गलती मानने के बजाय आरोपियों ने मौके पर मौजूद राहगीरों से मारपीट की और सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी अभद्रता व झूमाझटकी की।
सड़क किनारे पलटी एसयूवी, बाल-बाल बचे युवक
जानकारी के मुताबिक लांबाखेड़ा मुख्य मार्ग पर रात करीब दो बजे कुछ युवक शराब के नशे में एसयूवी चलाते हुए खतरनाक स्टंट कर रहे थे।
इसी दौरान ड्राइवर का वाहन पर से नियंत्रण बिगड़ गया और एसयूवी सड़क किनारे पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में गाड़ी में सवार तीनों युवकों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
राहगीरों से मारपीट, थाने में भी रातभर किया हंगामा

गाड़ी पलटने के बाद नशे में धुत युवकों ने वहां से गुजर रहे राहगीरों पर अपना गुस्सा उतारते हुए उनसे बदलसूकी की और मारपीट शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी वहां बुला लिया और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज व झूमाझटकी करने लगे।
हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया और आरोपियों को पकड़कर थाने लाया गया। पुलिस के मुताबिक, थाने पहुंचने के बाद भी युवकों का उत्पात नहीं थमा और वे रातभर वहां हंगामा व गाली गलौज करते रहे।
रिश्तेदार की गाड़ी लेकर निकला था मुख्य आरोपी
ईंटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सप्रे ने बताया कि मुख्य आरोपी संदीप गौर मूल रूप से नजीराबाद का रहने वाला है और वर्तमान में न्यू चौकसे नगर में परिवार के साथ रहकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का काम करता है।
रविवार-सोमवार की रात वह विदिशा में रहने वाले एक रिश्तेदार की एसयूवी लेकर निकला था और लांबाखेड़ा रोड पर शराब के नशे में स्टंट कर रहा था। उसके रिश्तेदार संजय गौर और हेमेन्द्र गौर भी न्यू चौकसे नगर, लांबाखेड़ा में रहते हैं।
मेडिकल में नशे की हुई पुष्टि
पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल परीक्षण में सभी आरोपियों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और गाली-गलौज सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए संदीप गौर, संजय गौर, हेमेन्द्र गौर और अनुज पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल अन्य फरार युवकों की तलाश जारी है।



