उत्तरप्रदेश

खुर्जा के डायग्नोस्टिक सेंटर में खूनी वारदात, साथी कर्मचारी ने रिसेप्शनिस्ट युवती पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

बुलंदशहर: खुर्जा नगर में शनिवार दोपहर एक डायग्नोस्टिक सेंटर पर सनसनीखेज वारदात सामने आई। मंदिर मार्ग स्थित स्वास्तिक डायग्नोस्टिक सेंटर के रिसेप्शन पर काम करने वाली युवती पर उसके साथी कर्मचारी ने चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, महक पुत्री यादराम पिछले करीब छह महीने से स्वास्तिक डायग्नोस्टिक सेंटर पर रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्यरत है। वहीं, असद पुत्र ताहिर निवासी लखावटी पिछले करीब दो साल से सेंटर पर एक्स-रे हेल्पर के रूप में काम कर रहा था। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे असद लैब पर पहुंचा और रिसेप्शन पर बैठी महक पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। उसने युवती पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गई। अचानक हुई वारदात से सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। घायल महक को तत्काल खुर्जा के श्री सूरजमल जटिया अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

एसपी सिटी ने दी जानकारी
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजय ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। फिलहाल युवती की हालत सामान्य बताई गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button