दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: मां और 10 माह के बेटे की मौत, चार साल के बच्चे का पैर कटा; पति गंभीर

गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सुंदरदीप कॉलेज के पास कैंटर से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार गुलशन और उनके 10 माह के बेटे अस्बान की मौत हो गई। चार वर्षीय बेटे रियान का एक पैर कटकर अलग हो गया, जबकि पति असलम भी गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यूपी के गाजियाबाद स्थित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर ढाई बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला और उसके 10 माह के बेटे की मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय बेटे की टांग कटकर शरीर से अलग हो गई। हादसे में बाइक चला रहा महिला का पति भी गम्भीर रूप से घायल हो गया। परिवार स्प्लेंडर बाइक से पिलखुआ के गांव सिखैडा से गाजियाबाद की ओर जा रहा था।
टैंकर के नीचे आई बाइक
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि हापुड़ के पिलखुवा थाना क्षेत्र के गांव सिखैडा निवासी असलम (32) पुत्र अलीहसन शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे पत्नी गुलशन (30) और दो बच्चों रैयान (4) व अरसलान (10 माह) के साथ बाइक से गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। सुंदरदीप कॉलेज के पास एनएच नौ पर जब बाइक सवार पहुंचा तो पीछे से आया टैंकर बाईं ओर एक्सप्रेसवे पर चढ़ रहा था, इसी दौरान बाइक टैंकर के नीचे आ गई।
रैयान का पैर कटकर हुआ अलग
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पूरा परिवार सड़क पर गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गया। हादसे में असलम, गुलशन व दोनों बच्चों को गम्भीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल एम्बुलेंस से डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गुलशन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अरसलान को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, चार वर्षीय रैयान का पैर कटकर अलग हो गया, घायल असलम व रैयान को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया।



