वैभव कहीं गायब न हो जाएं, कपिल देव ने किया आगाह, विनोद कांबली से की तुलना

नई दिल्ली, युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने कम वक्त में अपनी एक अलग पहचान बना ली है। वह अभी 15 साल के हैं और भारत ही नहीं बल्कि विश्व क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बने हुए हैं। सलामी बल्लेबाज सूर्यवंशी ने आईपीएल में धमाल मचाने के बाद टीम इंडिया में एंट्री की। उन्होंने जुलाई, 2026 में इंग्लैंड में इंटरनेशनल डेब्यू किया। वह इंग्लैंड में फ्लॉप रहे, लेकिन जिम्बाब्वे में छाप छोडऩे में कामयाब रहे। वह भारतीय टी-20 टीम के साथ एशियन गेम्स के लिए जापान भी गए। सूर्यवंशी को अभी तक भारतीय सरजमीं पर इंटरनेशनल मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। 1983 विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव को सूर्यवंशी की काबिलीयत पर संदेह नहीं हैं। हालांकि, भारत के महान ऑलराउंडर कपिल ने सूर्यवंशी को आगाह किया है।
उनका मानना है कि सूर्यवंशी को वल्र्ड क्रिकेट में स्टार बनने के लिए लंबा सफर तय करना होगा। कपिल ने पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली का उदाहरण दिया, जिन्होंने तेजी से नाम कमाया और फिर गायब हो गए। कांबली का 90 के दशक में बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटरों में शुमार होता था मगर वह भारत के लिए 17 टेस्ट 104 वनडे ही खेल पाए। कपिल ने कहा, अभी बहुत जल्दी है। क्या उसमें काबिलीयत है? हां। लेकिन क्रिकेट में ऐसे बहुत से लोग हुए हैं, जो बहुत काबिलीयत के साथ आए, फिर गायब हो गए। विनोद कांबली को देखिए। हम उसके बारे में क्या कहेंगे? वैभव 16 साल का है। उसे और तीन साल दें, फिर हम बात करेंगे। जब उसका लाइफस्टाइल बदलेगा, तो उसकी सोच भी बदलेगी। तब हमें पता चलेगा कि अगले दो साल बाद वह कैसा दिखेगा। यह उसकी परफॉर्मेंस देखने से ज्यादा जरूरी है। हमने रोहित, विराट को देखा है।



