एक इंच भी जमीन नहीं देंगे, शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे बनने से पहले ही सर्वे के खिलाफ सांगली-कोल्हापुर के किसान

नई दिल्ली: पश्चिमी और मध्य भारत में 856.765 किमी लंबा प्रस्तावित शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे को लेकर महाराष्ट्र के सांगली और कोल्हापुर जिलों के किसानों ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। प्रस्तावित शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे का विरोध कर रहे किसानों ने मंगलवार से सांगली और कोल्हापुर जिलों में अपना आंदोलन तेज कर दिया है।
सांगली जिले के खानापुर तालुका के माहुली में ‘स्वाभिमानी शेतकारी संगठन’ के अध्यक्ष राजू शेट्टी के नेतृत्व में आठ घंटे का धरना प्रदर्शन किया गया। इस परियोजना के लिए की जा रही भूमि सर्वे को लेकर तनाव बढ़ने पर सांगली में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
सांगली के ये किसान कर रहे हैं शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे का विरोध
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, सांगली के खानापुर तालुका स्थित नागेवाड़ी, माहुली और भाग्यनगर गांवों के किसानों ने शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे के लिए किए जा रहे इस सर्वे का कड़ा विरोध किया। उन्हें डर है कि हाईवे बनाने के लिए उनकी उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण कर लिया जाएगा। आंदोलन के दौरान, कुछ प्रदर्शनकारियों ने सर्वे करने वाली टीम के उपकरणों को नुकसान पहुंचाया।
माहुली के किसानों ने कहा कि उनका विरोध इस चिंता के कारण है कि कहीं वे अपनी वह कृषि भूमि न खो दें, जिस पर पीढ़ियों से उनके परिवारों का गुजारा होता आ रहा है।
रिपोर्ट
कोल्हापुर के कोनावडे गांव में भी शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे के खिलाफ प्रदर्शन
सांगली की तरह ही कुछ ऐसा ही वाकया कोल्हापुर के भुदरगढ़ तालुका के कोनावडे गांव में भी देखने को मिला, जहां पुलिस सुरक्षा के बीच सुबह-सुबह भूमि सर्वे कर रहे अधिकारियों का किसानों ने विरोध किया। इस सर्वे में कोनावडे, म्हसवे, निलपन और नाधवाडे समेत कई अन्य गांवों को शामिल किया जाना था। तनाव बढ़ने पर, कुछ प्रदर्शनकारियों ने सर्वे में इस्तेमाल होने वाला ट्राइपॉड छीन लिया और उसमें आग लगा दी।
माहुली गांव के किसान बोले-जमीन छीन ली तो हम क्या खाएंगे, शक्तिपीठ नहीं चाहिए
माहुली गांव के किसानों ने कहा, ‘हमें राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं है। हमें बस अपनी उपजाऊ कृषि भूमि चाहिए, जिस पर हमारे परिवारों की कई पीढ़ियां खेती करती आ रही हैं। अगर यह जमीन छीन ली गई, तो हम क्या खाएंगे? हमने ही इस सरकार को सत्ता में चुना था, लेकिन अब हमें ही निशाना बनाया जा रहा है। हमें यह शक्तिपीठ परियोजना नहीं चाहिए।”
माहुली में ‘स्वाभिमानी शेतकारी संगठन’ के अध्यक्ष राजू शेट्टी ने कहा, ‘किसानों के कड़े विरोध के बावजूद, सांगली और कोल्हापुर के कुछ हिस्सों में सरकारी अधिकारियों के साथ एक निजी एजेंसी द्वारा पुलिस सुरक्षा के बीच जमीन का सर्वे किया जा रहा था।’
अगर प्रशासन जिले में सर्वे कराने की कोई भी कोशिश करता है, तो किसान एकजुट होकर उसका विरोध करेंगे। पूरे इलाके के किसान इस परियोजना का विरोध करने के लिए एकजुट हैं। हम शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे के लिए अपनी जमीन का एक इंच भी नहीं देंगे।
राजू शेट्टी, माहुली में ‘स्वाभिमानी शेतकारी संगठन’ के अध्यक्ष
प्रस्तावित शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे क्या है?
इस साल जुलाई में, महाराष्ट्र सरकार ने नागपुर-गोवा शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे के लिए एक संशोधित अलाइनमेंट को मंजूरी दी। इसके तहत, प्रस्तावित लंबाई को 54 किलोमीटर से बढ़ाकर 856.7 किलोमीटर कर दिया गया और परियोजना की अनुमानित लागत को लगभग 80,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया।
संशोधित अलाइनमेंट में सतारा जिले का 40 km लंबा राजमार्ग शामिल है, जो गोंदावले और शिखर शिंगणापुर से होकर गुजरता है। इसके अलावा, नांदेड़, हिंगोली, परभणी, सोलापुर, सांगली और कोल्हापुर से होकर गुजरने वाले इसके रूट में भी बदलाव किया गया है। इस परियोजना के लिए लगभग 8,760 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण करना होगा।
शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे के विरोध की बड़ी वजह क्या है?
पूर्व में वर्धा को पश्चिम में सिंधुदुर्ग से जोड़ने के लिए प्रस्तावित इस छह-लेन वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से नागपुर और गोवा के बीच यात्रा का समय 18 घंटे से घटकर आठ घंटे रह जाने की उम्मीद है। हालांकि, इसका प्रस्तावित रूट उपजाऊ कृषि क्षेत्रों से होकर गुजरता है। खासकर उन इलाकों से जहां गन्ने और अन्य नकदी फसलों की खेती होती है, जिसके चलते किसान इसका विरोध कर रहे हैं, क्योंकि वे अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं।
संशोधित अलाइनमेंट में सतारा जिले का 40 km लंबा राजमार्ग शामिल है, जो गोंदावले और शिखर शिंगणापुर से होकर गुजरता है। इसके अलावा, नांदेड़, हिंगोली, परभणी, सोलापुर, सांगली और कोल्हापुर से होकर गुजरने वाले इसके रूट में भी बदलाव किया गया है। इस परियोजना के लिए लगभग 8,760 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण करना होगा।
शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे: छह लेन वाला ग्रीनफील्ड कॉरिडोर
- शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे (नागपुर-गोवा एक्सप्रेसवे) पश्चिमी और मध्य भारत में 856.765 किमी लंबा, छह-लेन वाला ‘एक्सेस-कंट्रोल्ड’ ग्रीनफील्ड कॉरिडोर है।
- इसे नागपुर के पास पवनार (वर्धा जिला) को गोवा सीमा पर सिंधुदुर्ग जिले में पात्रादेवी/बांदा से जोड़ने के लिए डिजाइन किया गया है।
- महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) द्वारा क्रियान्वित इस परियोजना का उद्देश्य नागपुर और गोवा के बीच यात्रा के समय को लगभग 18-21 घंटे से घटाकर लगभग 8 घंटे करना है।
शक्तिपीठ एक्सप्रेस की खासियत
- 2026 में मार्ग में बदलाव के बाद इस कॉरिडोर की लंबाई 802 किमी से बढ़कर 856.765 किमी हो गई है।
- इसकी अनुमानित लागत बढ़कर लगभग ₹1 लाख करोड़ तक पहुंच गई है।
- यह विदर्भ, मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र के 13 जिलों और 40 तालुकों से होकर गुजरता है।
- इसमें वर्धा, यवतमाल, हिंगोली, नांदेड़, परभणी, बीड, लातूर, धाराशिव, सोलापुर, सतारा, सांगली, कोल्हापुर और सिंधुदुर्ग जिले शामिल हैं।
- यह मुंबई-नागपुर (समृद्धि) एक्सप्रेसवे और सूरत-चेन्नई एक्सप्रेसवे से भी जुड़ता है।
- इसका मकसद प्रमुख तीर्थ स्थलों जैसे तुलजापुर, कोल्हापुर और पंढरपुर और तटीय/औद्योगिक केंद्रों तक कनेक्टिविटी को बेहतर बनाता है।
- यह परियोजना फिलहाल अभी निर्माण-पूर्व चरण में है, जिसमें भूमि अधिग्रहण और संयुक्त सर्वेक्षण का काम चल रहा है।
- निर्माण कार्य मुख्य रूप से 2028-2029 तक शुरू होने का लक्ष्य है।
- सांगली और कोल्हापुर जैसे जिलों में उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण को लेकर किसानों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।



