शराब ठेके के बाहर दो युवकों पर चाकू से हमला, एक की मौत

दिल्ली के कन्हैया नगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के ठेके के बाहर दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ वार किए और इसके बाद मौके से फरार हो गए. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
इस हमले में भवानी प्रसाद नाम के युवक की मौत हो गई. वहीं, आसाराम गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमला किसने और किस वजह से किया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है.
SHO और FSL टीम ने जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर SHO के साथ क्राइम टीम और FSL की टीम भी पहुंची. टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं. पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमले की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हमले की पूरी वजह और घटना में शामिल लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.



