छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार; दो स्कॉर्पियो समेत 36 लाख का माल जब्त

बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुलिस ने नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लग्जरी स्कॉर्पियो वाहनों में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद डीजल को बाजार में कम कीमत पर बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 504 लीटर डीजल, 1.50 लाख रुपये से अधिक नकद और दो स्कॉर्पियो वाहन समेत कुल 36 लाख 6 हजार 419 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

मामले का खुलासा 26 अक्टूबर 2026 को हुआ, जब अनीश कुमार बघेल ने नांदघाट थाने में डीजल चोरी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि नागपुर से नमकीन लेकर झारखंड जा रहे थे। रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर एनएच-130 स्थित ग्राम चिचोली के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक उन्होंने अपना ट्रक खड़ा किया और सो गए।

सुबह करीब 6 बजे उठने पर दोनों ट्रकों के डीजल टैंक के लॉक टूटे मिले। जांच करने पर पता चला कि टैंकों से करीब 550 लीटर डीजल चोरी हो चुका था, जिसकी कीमत लगभग 54,450 रुपये थी। चोरों ने लोहे की रॉड से टैंक का लॉक तोड़ा और पाइप की मदद से डीजल निकाल लिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देश पर साइबर सेल और थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और आखिरकार 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि गिरोह बेमेतरा, बिलासपुर, मुंगेली और जांजगीर-चांपा जिलों में सक्रिय था। गिरोह के सदस्य उपेंद्र यादव और राजेश कोयल की स्कॉर्पियो गाड़ियों में फर्जी डिजिटल नंबर प्लेट लगाकर निकलते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें।

आरोपी रांका, जांजगीर-बाराद्वार, सिमगा, ढेका, मस्तूरी और सरगांव सहित कई इलाकों में डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। चोरी किए गए डीजल को सस्ते दामों पर बेचकर उससे मिली रकम आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी 9 आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. निखिल दास (23), निवासी खिसारा, बलौदा।
  2. सूरज कुर्रे (19), निवासी खिसोरा, बलौदा।
  3. मनीष कुमार जांगड़े उर्फ मोना (28), निवासी भिलाई, बलौदा।
  4. संजीत कुमार अनंत (23), निवासी बुचीहरदी, बलौदा।
  5. जयकरण खुटे (30), निवासी खिसोरा, बलौदा।
  6. शुभम जांगड़े (18), निवासी भिलाई, बलौदा।
  7. उपेंद्र उर्फ ननकी यादव (42), निवासी खिसोरा, बलौदा।
  8. रेशम उर्फ मोनू यादव (26), निवासी बजरंग नगर, बलौदा।
  9. राजेश कोयल (45), निवासी खिसोय, बलौदा।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में गिरोह की अन्य गतिविधियों और चोरी की वारदातों को लेकर भी जांच की गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button