सुपरमैन की तरह लगाई छलांग, यशस्वी जायसवाल ने एक हाथ से पकड़ा हैरतअंगेज कैच

भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में चल रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन यशस्वी जायसवाल ने फील्डिंग में गजब कर दिया, उन्होंने हवा में डाइव लगाते हुए एक हाथ से कमाल का कैच पकड़ा. इस हैरतअंगेज कैच ने डेवोन कॉनवे की पारी का अंत कर दिया. इस कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वॉशिंगटन सुंदर द्वारा डाली गई 33वें ओवर की पहली गेंद हवा में थी, इस ललचाती हुई गेंद पर डेवोन कॉनवे खुद को रोक नहीं पाए, अंतिम समय पर बड़ा शॉट मारना चाहा. लेकिन गेंद बल्ले से सही से टाइम नहीं हुई. गेंद हवा में शॉर्ट थर्ड की दिशा में चली गई. यशस्वी जायसवाल के बाईं तरफ गेंद गिर रही थी, वह दौड़ लगाते हुए हवा में कूदे. एक शानदार डाइव और एक हाथ से कमाल का कैच, जिसे देख सभी भारतीय फैंस ख़ुशी से झूम उठे.
क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 3 विकेट खोकर 133 रन बना लिए हैं. न्यूजीलैंड अभी 243 रनों की बढ़त के साथ मजबूत स्थिति में है. टीम इंडिया के लिए यहां से मैच जीतना बहुत मुश्किल है. भारत ने पहली पारी में 246 रन बनाए थे. टॉप आर्डर बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था. इससे पहले न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 356 रन बनाए थे. इस सीरीज का पहला टेस्ट ड्रा रहा था. अगर ये टेस्ट भारत जीत नहीं पाती है तो फिर WTC पॉइंट्स टेबल में स्थिति बहुत खराब हो जाएगी और फाइनल में जाने का सिनेरियो बहुत कठिन हो जाएगा.



