मंत्री विजय शाह पर नहीं चलेगा मुकदमा, मोहन सरकार ने SC को बताया, कांग्रेस ने बोला हमला

भोपाल. भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी करने वाले मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह के खिलाफ मुकदमा नहीं चलेगा. राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में यह जानकारी दी है. सरकार ने कोर्ट को बताया कि राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने मंत्री पर अभियोजन की मंजूरी नहीं दी. कैबिनेट की अनुशंसा पर राज्यपाल ने मंजूरी नहीं दी. जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि प्रभावित पक्ष चुनौती दे सकता है. फिलहाल इस मामले में बिना अगली तारीख के सुनवाई टल गई है. वहीं इस मुद्दे पर कांग्रेस ने एक बार फिर राज्य सरकार पर हमला बोला है. कांग्रेस ने कहा कि अपने मंत्री को बचाने के लिए मोहन यादव की सरकार पूरी ताकत लगा रही है.
मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मुद्दे पर मोहन यादव सरकार को घेरते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मंत्री के लिए सत्ता की ढाल, न्याय के लिए जनता की अदालत. देश की जांबाज बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी, फिर SIT की जांच पूरी, आखिर में अभियोजन की सिफारिश. फिर भी मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार की कैबिनेट ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया. फिर राज्यपाल ने भी कैबिनेट के फैसले पर मुहर लगा दी. क्या भाजपा सरकार में मंत्री होना कानून से बचने का कवच बन गया है? मंत्री को बचाने के लिए मोहन सरकार पूरी ताकत लगा रही है. क्या संविधान, न्याय, देश की सेना की गरिमा किसी सत्ता की मोहताज है? अहंकारी याद रखें, सुप्रीम कोर्ट में प्रभावित पक्ष को फैसले की चुनौती देने का रास्ता खुला है. न्याय की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई. भाजपा का सत्ता-संरक्षित न्याय जनता को भी मंजूर नहीं है, मंत्री को बचाने की राजनीति बंद हो, क्योंकि न्याय की आवाज़ दबेगी नहीं.’
कैबिनेट बैठक के बाद भेजा प्रस्ताव
बताते चलें कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कैबिनेट के उस फैसले पर मुहर लगा दी थी, जिसमें विजय शाह पर मुकदमा नहीं चलाने की सिफारिश की गई थी. यह फैसला 31 अगस्त 2026 को देर रात लिया गया था. दरअसल 25 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री विजय शाह पर अभियोजन की अनुमति न देने के प्रस्ताव को राज्यपाल के पास भेजा गया था, जिसपर राज्यपाल ने मुहर लगा दी थी.
हाईकोर्ट ने लिया था स्वत: संज्ञान
इस मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मंत्री विजय शाह के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिए थे. इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित एसआईटी ने जांच पूरी करके अपनी रिपोर्ट कोर्ट के सामने पेश की थी.
क्या थी मंत्री की टिप्पणी?
गौरतलब है कि मंत्री विजय शाह ने 11 मई को 2025 पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद इंदौर के महू के रायकुंडा गांव में एक कार्यक्रम के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी की थी. मंत्री ने कहा था कि उन्होंने (आतंकियों) हिंदुओं को उनके कपड़े उतारकर मारा और पीएम मोदी ने उनकी बहन को उनकी ऐसी की तैसी करने उनके घर भेज दिया.
SIT दाखिल करेगी क्लोजर रिपोर्ट
सुप्रीम कोर्ट में 31 अगस्त 2026 को सुनवाई के दौरान मध्य प्रदेश सरकार की ओर पेश हुए वकील ने बताया था कि अभियोजन की मंजूरी का प्रस्ताव राज्यपाल के पास भेजा गया. राज्यपाल ने कैबिनेट की अनुशंसा पर विजय शाह के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी नहीं दी. जिसके बाद SIT ने इस केस को लेकर कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करने की बात कही थी.



