मनोरंजन

‘धरती पर उतरा दिव्य पुरुष’, न रणबीर कपूर न यश…’रामायण’ के इस हीरो का थाईलैंड में चला जादू, फैंस लिख रहे कविताएं

फिल्म ‘रामायण’ दुनिया भर में सराही जा रही है. बॉक्स ऑफिस पर भी परफॉर्मेंस दमदार है. हर एक एक्टर ने अपने रोल के साथ न्याय किया है. रणबीर कपूर और यश की परफॉर्मेंस की दुनिया भर में तारीफ हुई, मगर ‘रामायण’ एक हीरो को लेकर थाईलैंड में जबरदस्त क्रेज है. लोग उनके नाम प्रेम कविताएं लिख रहे हैं और उन्हें थाईलैंड आने का न्योता दे रहे हैं. उन्होंने ‘रामायण’ में भगवान इंद्र का किरदार निभाया है. वे कुछ वक्त के लिए पर्दे पर आते हैं, मगर अपना गहरा असर छोड़ जाते हैं.

नई दिल्ली: 4,000 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की सबसे अहम फिल्म माना जा रहा है. फिल्म ने 8 दिनों में ही 1000 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. राम में किरदार में रणबीर कपूर, सीता के रोल में साई पल्लवी, रावण के किरदार में यश की परफॉर्मेंस को खूब सराहा गया, मगर थाईलैंड में ‘रामायण’ के उस एक्टर की चर्चा हो रही है, जो कम वक्त के लिए स्क्रीन पर नजर आते हैं. लोग उनके दिवाने हो रहे हैं.

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के अलावा सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता सहित कई बेहतरीन कलाकार हैं. मगर इसमें भगवान इंद्र का किरदार निभा रहे कुणाल कपूर ने थाईलैंड में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. उन्हें थाईलैंड में एक नई फैन फॉलोइंग मिल गई है. कुणाल कपूर फिल्म में कुछ ही लम्हों के लिए नजर आए, मगर उनके लुक और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ हो रही है. उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर फैंस के कमेंट्स की बाढ़ आ गई है, जिसमें वे उनसे थाईलैंड आने की गुजारिश कर रहे हैं.

थाईलैंड में कुणाल कपूर की जबरदस्त लोकप्रियता पर नेटिजेंस का भी ध्यान गया. एक यूजर ने लिखा, ‘पूरा थाईलैंड कुणाल कपूर पर फिदा है और उन्हें ‘इंद्र’ कहकर बुला रहा है. यह बहुत क्यूट है.’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘भगवान इंद्र के किरदार से कुणाल कपूर जिस तरह थाई दर्शकों का दिल जीत रहे हैं, उसे देखकर लगता है कि उन पर बनी एक सोलो फिल्म सच में ब्लॉकबस्टर साबित हो सकती है!’

कुणाल कपूर को लोग हैंडसम बताकर तारीफ कर रहे हैं. एक अन्य यूजर लिखता है, ‘ऐसा लगता है जैसे कोई दिव्य प्राणी सचमुच धरती पर उतर आया हो.’ एक फैन ने कमेंट किया, ‘ न रणबीर न यश… थाईलैंड में ‘रामायण’ के एक अलग ही कलाकार को लेकर दीवानगी छाई हुई है. इंद्र के रूप में कुणाल कपूर. फैंस तो उनके लिए प्रेम कविताएं तक लिख रहे हैं.’

कुणाल कपूर की दीवानगी को देखते हुए कई फैंस ने उन्हें थाईलैंड आने का न्योता भी दिया है. कुणाल ने ‘वैरायटी इंडिया’ को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें भगवान इंद्र पर फोकस एक फिल्म देखकर खुशी होगी, भले ही इसमें कोई दूसरा अभिनेता काम करे. कुणाल कपूर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि भगवान इंद्र पर एक अलग फिल्म बननी चाहिए, चाहे वह मेरे साथ बने या मेरे बिना, क्योंकि यह किरदार इतना बड़ा है कि इस पर एक पूरी दुनिया खड़ी की जा सकती है.’ 

कुणाल कपूर की मानें, तो मौजूदा दौर में भगवान इंद्र को जिस तरह से दिखाया गया है, उसमें उनके एक शक्तिशाली योद्धा और शासक होने की असली पहचान ठीक से नहीं झलकती. उन्होंने कहा, ‘बीते कुछ सालों में भगवान इंद्र के किरदार को गलत तरीके से पेश किया गया है. उन्हें एक ऐसे योद्धा और राजा के रूप में दिखाया गया, जो वे असल में थे. मुझे लगता है कि लोगों को यह बात पसंद आई.’

कुणाल मानते हैं कि इंद्र के किरदार का आकर्षण उनकी ताकत और उनकी कमजोरियों के बीच के फर्क में छिपा है. ‘रामायण’ में भगवान इंद्र का किरदार निभाने के बारे में कुणाल ने बताया, ‘मैंने इसे किसी एक नजरिए से नहीं देखा. इंद्र की जो बात मुझे सबसे ज्यादा आकर्षित करती है, वह यह है कि उनमें ये दोनों ही चीजें एक-साथ मौजूद हैं. मुझे हमेशा ऐसे किरदार निभाना पसंद रहा है जो बाहर से तो मजबूत दिखते हैं, लेकिन अंदर से कमजोर भी होते हैं. इंद्र स्वर्ग के राजा हैं जो सेनाओं, बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली को कंट्रोल करते हैं, लेकिन साथ ही उनके मन में अपनी कुछ असुरक्षाएं भी हैं.’

भगवान इंद्रा लाखों लोगों की आस्था से जुड़ा है, इसलिए कुणाल कपूर ने किरदार निभाने की जिम्मेदारी को भी समझा. उन्होंने बताया, ‘आप हमेशा इस बात को लेकर सचेत रहते हैं, क्योंकि लाखों लोगों के लिए यह सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि उनकी आस्था है. इसलिए, जब आप सेट पर जाते हैं, तो आपके मन में उस आस्था के प्रति गहरा सम्मान होता है.’ उन्होंने काम के लिए एक अच्छा माहौल बनाए रखने के लिए निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा ​​की भी तारीफ की.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button