छत्तीसगढ़

विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आगामी 100 दिन महत्वपूर्ण – आयुक्त सिन्हा

00 रोजगार सृजन, जल संरक्षण एवं आजीविका संवर्धन के नवाचार आधारित कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश
00 बीजापुर जिले में पहली बार 84 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत, प्रतिभागियों ने साझा किए अनुभव

रायपुर। विकसित भारत-जीरामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिकारियों की क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला के दूसरे दिवस आयुक्त, वीबी-जी राम जी योजना एवं संचालक, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण तारन प्रकाश सिन्हा ने अधिकारियों को आगामी 100 दिनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए स्वीकृत निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत ञ्च2047 के विजन को साकार करने के लिए योजना के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ ग्रामीण परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना आवश्यक है। जनभागीदारी के माध्यम से नवाचार आधारित कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने विशेष रूप से पिछड़े जनजातीय समूहों, दिव्यांगजनों एवं एकल महिलाओं सहित वंचित समुदायों के हित में उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। आयुक्त ने प्रदेश में आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय एवं मुक्तिधाम शेड जैसे रोजगारमूलक एवं जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन एवं स्थायी ग्रामीण परिसंपत्तियों का विकास सुनिश्चित होगा।

बीजापुर जिले में पहली बार 84 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत
कार्यशाला के दौरान बीजापुर जिले के सहायक परियोजना अधिकारी ने मैदानी स्तर पर योजना के क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जिले में नक्सली समस्या समाप्त होने के बाद अब ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। ग्राम सभाओं में प्राप्त मांग एवं अनुमोदन के आधार पर जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप पहली बार जिले में लगभग 84 करोड़ रुपए की लागत के कार्यों को स्वीकृति मिली है। 
योजना के विभिन्न आयामों पर दिया जा रहा प्रशिक्षण
तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला के दूसरे दिन प्रदेश के 11 जिलों से आए कार्यपालन अभियंता, सहायक परियोजना अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी शामिल हुए। प्रशिक्षण में विकसित भारत-जी राम जी योजना के विभिन्न प्रावधानों, विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान, कार्यों के चयन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया, तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं तथा मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों का क्षमता संवर्धन करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, बेहतर निगरानी एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शिका पुस्तिका, 375 प्रकार के अनुमन्य कार्यों की सूची, विकसित ग्राम पंचायत योजना, धार-अपार एवं सुघ्घर बारी पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button