YouTube में बड़ा बदलाव! अब खुद बनाएं Custom Feed, कमेंट्स में GIFs

YouTube अपने यूजर्स के वीडियो देखने और कंटेंट के साथ जुड़ने के एक्सपीरिएंस को बदलने की तैयारी कर रहा है. कंपनी ने अपने Made on YouTube इवेंट में कई नए फीचर्स का ऐलान किया है. इनमें सबसे दिलचस्प फीचर Custom Feeds है जिसकी मदद से यूजर्स AI की सहायता से अपनी पसंद के हिसाब से अलग वीडियो फीड तैयार कर सकेंगे. इसके अलावा कमेंट सेक्शन में GIF पोस्ट करने का ऑप्शन भी जल्द मिलने वाला है.
AI से बनाएं अपनी पसंद की फीड
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, YouTube का Custom Feeds फीचर यूजर्स को अपनी पसंद और जरूरत के मुताबिक अलग-अलग वीडियो फीड बनाने की सुविधा देगा. इसके लिए यूजर नॉर्मल लैंग्वेज में बता सकेगा कि वह किस तरह के वीडियो देखना चाहता है. उदाहरण के तौर पर कोई व्यक्ति वर्कआउट वीडियो, लंबे डॉक्यूमेंट्री वीडियो या किसी खास कैटेगरी के नए क्रिएटर्स के वीडियो के लिए अलग फीड बना सकता है.
इस फीचर में AI आपकी बताई गई पसंद के आधार पर वीडियो को मैनेज करेगा. रिपोर्ट के मुताबिक, इसके लिए Google का Gemini AI मॉडल इस्तेमाल किया जाएगा. तैयार की गई फीड YouTube के होमपेज पर अलग टैब के रूप में दिखाई देगी. यूजर्स जरूरत के हिसाब से एक से ज्यादा Custom Feeds भी बना सकेंगे.
अमेरिका में जल्द शुरू होगा फीचर
Custom Feeds को शुरुआत में अमेरिका के यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. कंपनी के मुताबिक यह फीचर वेब, मोबाइल और टीवी पर जल्द ट्राई किया जा सकेगा. यानी यूजर्स अपने अलग-अलग मूड, रुचि या रूटीन के हिसाब से YouTube को कंटेंट चुनने के लिए कह पाएंगे.
खास बात यह है कि Custom Feeds YouTube की मौजूदा मुख्य फीड को खत्म नहीं करेगी. इसके बजाय यूजर्स को अपनी जरूरत के अनुसार अलग-अलग फीड के बीच स्विच करने का ऑप्शन मिलेगा.
अब कमेंट में भेज सकेंगे GIF
YouTube के कमेंट सेक्शन में भी बड़ा बदलाव होने वाला है. जल्द ही यूजर्स वीडियो पर कमेंट करते समय सिर्फ टेक्स्ट के बजाय GIF भी पोस्ट कर सकेंगे. इसके लिए प्लेटफॉर्म पर GIF की एक सर्चेबल लाइब्रेरी उपलब्ध होगी, जहां से यूजर अपनी पसंद का GIF चुनकर कमेंट में जोड़ सकेगा.
यह फीचर YouTube के मोबाइल ऐप पर दुनियाभर में इस साल के अंत तक उपलब्ध होने की उम्मीद है. इससे कमेंट सेक्शन में यूजर्स के लिए अपनी रिएक्शन जाहिर करने के नए तरीके खुलेंगे.
टीवी पर भी कमेंट करना होगा आसान
YouTube टीवी ऐप में भी कमेंट करने का तरीका आसान किया जा रहा है. सपोर्ट करने वाले टीवी पर यूजर्स अपनी आवाज से कमेंट बोल सकेंगे और टेक्स्ट-टू-स्पीच तकनीक उसे कमेंट में बदल देगी. इससे रिमोट से लंबा कमेंट टाइप करने की परेशानी कम हो सकती है.
इन फीचर्स के साथ YouTube अपने प्लेटफॉर्म पर AI आधारित पर्सनलाइजेशन और यूजर इंटरैक्शन को बढ़ाने पर फोकस कर रहा है. Custom Feeds और GIF कमेंट जैसे बदलाव आने के बाद वीडियो देखने के साथ-साथ YouTube पर कंटेंट खोजने और रिएक्शन देने का तरीका भी काफी अलग हो सकता है.



