टेबल पर कैसे रखना चाहिए फोन, कैसे एक गलती से खराब हो सकता है डिवाइस?

आजकल स्मार्टफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. इसके साथ ही फोन को टेबल, बेड या किसी दूसरी सतह पर रखते समय हम अक्सर इस बात पर ध्यान नहीं देते कि उसका कैमरा किस तरफ है. कई लोग फोन को स्क्रीन ऊपर करके सीधा रख देते हैं जबकि कुछ लोग स्क्रीन नीचे करके रखते हैं. लेकिन सवाल ये है कि फोन रखने का सही तरीका आखिर कौन-सा है? गलत तरीके से फोन रखने पर खासकर कैमरा मॉड्यूल पर खरोंच और गंदगी से ये खराब हो सकता है.
दरअसल, आज के ज्यादातर प्रीमियम स्मार्टफोन में कैमरा मॉड्यूल फोन की बॉडी से थोड़ा बाहर निकला हुआ होता है. ऐसे में जब फोन को किसी कठोर सर्फेस पर कैमरा साइड नीचे करके रखा जाता है तो लेंस या कैमरा ग्लास सीधे उस सतह के कॉनटेक्ट में आ जाता है.
टेबल या डेस्क पर मौजूद धूल के बारीक कण कैमरा ग्लास पर रगड़ पैदा करते हैं. इसीलिए समय के साथ इससे छोटे-छोटे स्क्रैच आने का खतरा बढ़ जाता है. हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि हर बार कैमरा नीचे रखने से लेंस तुरंत खराब हो जाएगा.
स्क्रीन ऊपर करके रखना कितना सुरक्षित?
फोन को स्क्रीन ऊपर करके रखना नॉर्मली कैमरा लेंस के लिए बेहतर ऑप्शन माना जा सकता है, क्योंकि कैमरा मॉड्यूल सर्फेस से दूर रहता है. लेकिन इस कंडिशन में फोन की स्क्रीन ऊपर की तरफ खुली रहती है जिससे उस पर धूल या दूसरी चीजें गिर सकती हैं.
अगर फोन की स्क्रीन पर कोई कठोर चीज मौजूद हो और उसके ऊपर दबाव पड़े तो स्क्रीन पर भी खरोंच आने की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए सिर्फ फोन को सीधा रखना ही काफी नहीं होता है बल्कि जिस सर्फेस पर फोन रखा जा रहा है, वह भी साफ होनी चाहिए.
स्क्रीन नीचे करके रखना सही है या नहीं?
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कुछ लोग स्क्रीन को नीचे करके फोन रखते हैं जिससे नोटिफिकेशन बार-बार देखने की आदत कम हो जाए. ये तरीका स्क्रीन को देखने से बचाने के लिहाज से काफी फायदेमंद माना जाता है लेकिन अगर कैमरा मॉड्यूल सर्फेस से टकरा रहा है तो आपको सावधानी रखनी चाहिए.
क्या है सबसे सेफ तरीका
अगर फोन को कुछ समय के लिए टेबल पर रखना है तो स्क्रीन ऊपर करके रखना एक सुरक्षित ऑप्शन होता है. इससे कैमरा मॉड्यूल सीधे सर्फेस के कॉनटेक्ट में नहीं आता है. अगर आपको फोन स्क्रीन नीचे करके रखना पसंद है तो ऐसी कंडिशन में अच्छे क्वालिटी का केस इस्तेमाल करें जिसमें कैमरा मॉड्यूल के आसपास थोड़ा उठा हुआ किनारा हो. इससे कैमरा ग्लास सीधे टेबल से टकराने से बच सकता है.



