खेल

जिम्बाब्वे दौरे को युवा टीम इंडिया तैयार, श्रेयस संभालेंगे कप्तानी, 23 से होगा सीरीज का आगाज

ब्यूरो— नई दिल्ली

भारतीय टीम का नया मिशन अब शुरू होने को है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 और उसके बाद वनडे सीरीज में मुंह की खाने के बाद टीम इंडिया का मुकाबला जिम्बाब्वे से होने जा रहा है। सीरीज के दौरान तीन मैच खेले जाएंगे, जिसमें कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर से श्रेयस अय्यर संभालेंगे, जो इतने दिन बाद भी पहली जीत की तलाश में हैं। टीम इंडिया इस वक्त जिम्बाब्वे पहुंच चुकी है और अपनी तैयारी कर रही है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई यानी गुरुवार को हरारे में खेला जाएगा।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया का ऐलान काफी पहले ही कर दिया गया था। सीरीज का दूसरा मैच 25 जुलाई दिन शनिवार को होगा, तीसरा और आखिरी मैच 26 जुलाई दिन रविवार को खेला जाएगा। तीनों मैच भारतीय समयानुसार शाम 4.30 बजे से हरारे स्पोट्र्स क्लब, हरारे में खेले जाएंगे। सभी की नजर इस सीरीज में श्रेयस अय्यर की कप्तानी और युवा वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी पर रहेगी। जिन्होंने हाल ही में अपना डेब्यू किया है, लेकिन अब तक अपनी छाप छोडऩे में कामयाब नहीं हो पाए हैं।

संजू टीम से बाहर, अभिषेक और वैभव करेंगे पारी की शुरुआत

सीरीज में संजू सैमसन का नाम गायब है। बताया जा रहा है कि उन्हें आराम दिया गया है। इसका मतलब यह है कि अभिषेक शर्मा के साथ वैभव सूर्यवंशी पारी का आगाज करेंगे। वैसे तो बैकअप विकेट कीपर के तौर पर प्रभसिमरन सिंह को भी टीम में रखा गया है, लेकिन लगता नहीं कि उन्हें अभी मौका मिलेगा। ईशान किशन इस भूमिका में नजर आएंगे। मिडल आर्डर के लिए तिलक वर्मा, कप्तान श्रेयस, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे के अलावा रिंकू सिंह भी टीम में हैं। गेंदबाजी की बात की जाए तो उसमें प्रिंस यादव, हर्ष दुबे, यश ठाकुर, अशोक शर्मा के साथ ही मयंक यादव को भी जगह दी गई है। रवि बिश्नोई भी टीम में शामिल हैं।

भारतीय टीम कुछ ऐसी

श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप कप्तान), ईशान किशन (विकेट कीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), रवि बिश्नोई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button