ऑकलैंड पहुंचे विराट, जुटी प्रशंसकों की भीड़

एजेंसियां— ऑकलैंड
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज से पहले विराट कोहली के ऑकलैंड पहुंचने पर एयरपोर्ट पर प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ गई। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने के बावजूद भारत के स्टार बल्लेबाज को देखने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए फैंस बेताब दिखे। समर्थक बैरिकेड्स के पीछे खड़े होकर कोहली का नाम लेते और तस्वीरें लेते नजर आए। कुछ फैंस ने उनके जन्मदिन के लिए एडवांस में शुभकामनाएं देने वाले पोस्टर भी ले रखे थे।
भीड़ के उत्साह को शांत करने के लिए कोहली ने हाथ उठाकर लोगों से संयम बरतने का इशारा किया। इस दौरान एक बेहद उत्सुक प्रशंसक लगातार ऑटोग्राफ की मांग कर रही थी, जिस पर भारतीय बल्लेबाज ने पहले उन्हें शांत रहने को कहा और फिर उनका पोस्टर साइन किया। अंत में सुरक्षाकर्मियों की मदद से वह भीड़ के बीच से बाहर निकल पाए।
वनडे टीम से जुड़े कोहली
37 वर्षीय विराट कोहली शुक्रवार को भारतीय वनडे स्क्वाड से जुड़ गए हैं। यह सीरीज चार नवंबर से ईडन पार्क में शुरू होगी। उनके साथी खिलाड़ी रोहित शर्मा एक दिन पहले ही ऑकलैंड पहुंच चुके थे, जबकि टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल भी टीम के साथ जुडक़र नेट्स में अभ्यास कर रहे हैं।



