मेहनत से घटाया वजन दोबारा नहीं बढ़ेगा, बस हर रोज कर लें ये छोटा-सा काम

How To Prevent Weight Gain After Weight Loss: वजन घटाना जितना मुश्किल होता है, उससे कहीं ज्यादा कठिन होता है उसे लंबे समय तक बनाए रखना. कई लोग डाइटिंग, एक्सरसाइज और सख्त रूटीन फॉलो करके वजन तो कम कर लेते हैं, लेकिन कुछ महीनों या सालों बाद वही वजन फिर वापस बढ़ने लगता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि वजन दोबारा बढ़ना आज मोटापे से जुड़ी सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बन चुका है.
क्या है वजन कम करने के उपाय?
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में घंटों बैठकर काम करना, खराब खानपान, तनाव, नींद की कमी और शारीरिक गतिविधियों में कमी तेजी से मोटापे को बढ़ा रही है. ऐसे में लोग जिम, भारी वर्कआउट और महंगे डाइट प्लान्स की तरफ भागते हैं, लेकिन नई रिसर्च एक बेहद आसान और असरदार उपाय की तरफ इशारा कर रही है कि रोजाना वॉक करना.
कैसे करता है यह काम?
तुर्की के इस्तांबुल में आयोजित यूरोपियन कांग्रेस ऑन ओबेसिटी 2026 में पेश की गई नई रिसर्च के मुताबिक, रोज लगभग 8,500 कदम चलने वाले लोगों में वजन दोबारा बढ़ने का खतरा कम देखा गया. रिसर्चर्स ने पाया कि जो लोग वजन कम करने के दौरान और उसके बाद भी नियमित रूप से वॉक करते रहे, वे अपना वजन लंबे समय तक कंट्रोल में रखने में ज्यादा सफल रहे. स्टडी में इटली और लेबनान के रिसर्चर्स ने वजन घटाने, वॉकिंग हैबिट और लॉन्ग टर्म वेट मैनेजमेंट से जुड़ी कई स्टडीज का एनालिसिस किया. शुरुआत में दोनों ग्रुप्स की फिजिकल एक्टिविटी लगभग समान थी, लेकिन बाद में जिस ग्रुप ने अपनी रोजाना वॉक बढ़ाई, उनका वजन ज्यादा बेहतर तरीके से कंट्रोल रहा.
कब करना चाहिए वॉक?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि वजन कम करने के बाद मॉर्निंग वॉक और इवनिंग वॉक जैसी छोटी आदतें सबसे ज्यादा फर्क डालती हैं. सुबह की वॉक शरीर के मेटाबॉलिज्म को तेज करने में मदद करती है और दिनभर कैलोरी बर्निंग प्रोसेस को एक्टिव रखती है. वहीं शाम की हल्की वॉक तनाव कम करने, डाइजेशन बेहतर करने और बेहतर नींद दिलाने में मददगार मानी जाती है. रिसर्च में यह भी सामने आया कि वजन घटाने के बाद जो लोग लगातार एक्टिव रहे, वे अपना ज्यादातर वजन दोबारा बढ़ने से बचा पाए. वहीं जिन लोगों ने वॉकिंग की आदत नहीं अपनाई, उनमें वजन वापस बढ़ने की संभावना ज्यादा देखी गई. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि फिट रहने का असली राज किसी भारी-भरकम फिटनेस प्लान में नहीं, बल्कि रोज निभाई जाने वाली छोटी और लगातार बनी रहने वाली आदतों में छिपा है.



