अहमदाबाद की अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 9 की मौत, 5 किमी दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लग गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में आठ लोगों की मौत की हो गई है, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, मौके पर दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद में मेहमदपुरा स्थित टैलेंट पटाखा फैक्टरी में आग लगी, इसके बाद फैक्टरी में रखे विस्फोटक से धमाके होने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कई मीटर ऊपर उठा धुएं का गुबार
पटाखा फैक्टरी में आग लगने के बाद धुएं का गुबार कई सौ मीटर ऊपर तक गया, जिसे कुछ किलोमीटर दूर से भी देखा गया। इस फैक्टरी में आग कैसे लगी इसकी जानकारी अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जेपीसी क्राइम ब्रांच के अधिकारी शरद सिंघल ने बताया कि हादसे के समय फैक्टरी में 15 लोग काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्टरी बिना लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन विस्फोट के कारणों की जांच में जुटे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बिना लाइसेंस के फैक्टरी कैसे संचालित हो रही थी और सुरक्षा मानकों में कहां लापरवाही बरती गई।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
यह हादसा रामोल-गात्राड रोड पर मौजूद फैक्टरी में हुआ। वहीं, इसकी सूचना पर दमकल विभाग की पांच से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ राहत-बचाव में जुट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीएम मोदी ने घटना पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्टरी में हुए हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है। पीएमओ के आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट में लिखा गया, ‘दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रहा है। PMNRF से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे’।



