जय बाबा बर्फानी के जयघोष के साथ आज निकला पहला जत्था, जम्मू, श्रीनगर और पहलगाम में उमड़ा जनसैलाब

जम्मू। जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज जम्मू से श्रीअमरनाथजी यात्रा 2026 के तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो वार्षिक तीर्थयात्रा की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक है।
देशभर से अपने आराध्य देव महादेव के दर्शन के लिए आए शिवभक्तों का श्रीअमरनाथ यात्रा के आधार शिविर जम्मू, श्रीनगर, बालटाल और पहलगाम में सैलाब उमड़ा है।
शुक्रवार सुबह सभी श्रद्धालु बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा की ओर प्रस्थान करेंगे। इसके साथ 57 दिन चलने वाली यह यात्रा आरंभ हो गई है।
जम्मू में भगवती नगर स्थित यात्री निवास आधार शिविर में प्रशासन ने बुधवार को सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा व मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ आधार शिविर का दौरा कर सुरक्षा, पंजीकरण, स्वास्थ्य सेवा, लंगर, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उपराज्यपाल ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शाम तक पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं को आधार शिविर में प्रवेश मिल चुका था। मौसम अनुकूल रहने की स्थिति में इस वर्ष रिकार्ड यात्रा होने की उम्मीद है।
जत्थे की रवानगी पर सामान्य यातायात नहीं चलेगा
यात्रा के दौरान जत्थे की रवानगी के समय राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले कई मार्गों पर सामान्य यातायात अस्थायी रूप से रोका जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं का काफिला सुरक्षित और निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके।
बालटाल और पहलगाम में पांच-पांच हजार श्रद्धालु
इससे पहले सुबह जम्मू-कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर में श्रद्धालुओं का स्वागत कर जम्मू के लिए रवाना किया गया। उधर, कश्मीर में श्रीनगर के पंथाचौक में आधार शिविर के अलावा बालटाल (गांदरबल) और पहलगाम के नुनवान (अनंतनाग) में भी करीब पांच-पांच हजार श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
ये सभी पहले जत्थे में शामिल होकर अपनी यात्रा शुरू करेंगे। लंगर संगठन भी पूरी तरह तैयार हैं। वहीं, श्रीनगर एयरपोर्ट से पंथाचौक तक अमरनाथ यात्रियों की सुविधा के लिए 131 सुविधा काउंटर तथा 40 जगहों पर तत्काल पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं।
तत्काल पंजीकरण भी जारी
बिना पंजीकरण के जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए तत्काल पंजीकरण की भी व्यवस्था की गई है। जम्मू में तवी रिवर फ्रंट पर तत्काल पंजीकरण केंद्र पर भारी भीड़ उमड़ी हुई है। बुधवार को 7,400 टोकन वितरित किए गए। इनमें से 2500 का तत्काल पंजीकरण दो जुलाई, 2500 का तीन जुलाई और 2400 का चार जुलाई को किया जाएगा।



