नैनीताल में सड़क पर गुजरी पर्यटकों की रात, कैंची धाम में घंटों भूखे-प्यासे फंसे रहे लोग; शिमला-मनाली में उमड़ी सैलानी

नैनीताल। इस वीकेंड तीन दिन के अवकाश ने नैनीताल से लेकर कैंची धाम तक सारी व्यवस्थाओं को ध्वस्त कर दिया। नैनीताल में पर्यटकों की भीड़ से सभी होटल पैक हो गए। हालत यह रही कि शुक्रवार की रात कई पर्यटकों को सड़कों के किनारे खुले में बितानी पड़ी।
शनिवार को दबाव और बढ़ गया। सुबह से शहर में पर्यटकों का रेला उमड़ा तो रूसी बाईपास से लेकर भूमियाधार, नारायण नगर तक सड़क जाम हो गई। करीब 15 हजार पर्यटक नैनीताल पहुंचे। काठगोदाम से आगे ज्योलीकोट और भीमताल रोड पर भी वाहनों के दबाव से सड़क का दम घुटने वाली स्थिति बन गई।
कैंची धाम में सुबह से शाम तक करीब 60 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। यह सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक है। भीड़ और वाहनों के दबाव से कुमाऊं की लाइफलाइन हल्द्वानी-अल्मोड़ा हाईवे जाम हो गया। कई पर्यटक और अन्य लोग घंटों वाहनों में भूखे-प्यासे रहे। पुलिस के नियंत्रण से स्थिति बाहर हो गई।
स्थानीय लोगों की भी परेशानी बढ़ी। इनमें कई मरीज भी थे। उधर चमोली में बद्रीनाथ हाईवे पर शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक करीब 12 किमी लंबे जाम में हजारों यात्री फंसे रहे। नैनीताल शहर में करीब 700 होटल, होम स्टे, रिसोर्ट हैं। अधिकांश फुल हो गए। दो से तीन हजार रुपये में मिलने वाले कमरों का किराया 12-12 हजार रुपये तक वसूला गया।
पर्यटकों को मल्लीताल व तल्लीताल रिक्शा स्टैंड, बस स्टेशन व बंद हो चुकी दुकानों के आगे रात बितानी पड़ी। शनिवार को जिन पर्यटकों की होटलों में बुकिंग नहीं थी, उन्हें रूसी बाईपास और नारायणनगर से लौटा दिया गया। रूसी बाईपास से नैनीताल तक करीब दस किलोमीटर तक चलने वाले शटल वाहनों ने भीड़ का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूला।
मसूरी पैक, चारधाम यात्रा मार्गों पर भी जाम मसूरी में सिविल अस्पताल रोड, मसूरी-धनोल्टी रोड और मसूरी टिहरी रोड पर लक्ष्मणपुरी के पास लगे जाम से पुलिस-प्रशासन के सभी इंतजाम फेल हो गए। जाम में घंटों तक पर्यटक फंसे रहे। लैंसडौन, कोटद्वार मार्ग भी जाम रहा।
ऋषिकेश में भी सैलानी जाम में जूझते नजर आए। चमोली में ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी तक सात किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर श्रीनगर-रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड में दिनभर जाम की स्थिति रही।
हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भीड़
सप्ताहांत पर शनिवार को हिमाचल के पर्यटन स्थल मनाली, शिमला व चंबा जिले का डलहौजी पर्यटकों से भरे रहे। शिमला के कुफरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के कारण काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
कुफरी में पिकनिक के लिए गए शिमला के सेंट एडवर्ड स्कूल के करीब 100 छात्र शनिवार को यातायात जाम में फंस गए। छोटे बच्चों के कई घंटे तक घर नहीं पहुंचने से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई। बच्चे करीब तीन से चार घंटे तक जाम में फंसे रहे। परेशान अभिभावक पहले पुलिस और प्रशासन से संपर्क करते रहे।



