खेल

15 साल के बच्चे का ऐसा खौफ, जोस बटलर ने कहा- वैभव सूर्यवंशी टी20 में मेरा सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड तोड़ देंगे

नई दिल्ली: इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट की दुनिया में एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। बुधवार को द हंड्रेड में वैल्श फायर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बटलर ने वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड का 14803 रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें महज 22 रनों की दरकार थी लेकिन बटलर ने 20 गेंदों में 2 चौकों और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 51 रनों की तूफानी पारी खेलकर इतिहास रच दिया।

बटलर के नाम हुआ टी20 का बड़ा रिकॉर्ड

522 मैचों की 494 पारियों में अब बटलर के नाम 14833 रन दर्ज हो चुके हैं। इस सर्वकालिक रिकॉर्ड को अपने नाम करने के बाद जोस बटलर ने बेहद खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘यह सोचना वास्तव में बहुत शानदार है कि आपके नाम टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन हैं। यह मेरे लिए बेहद गर्व का पल है। कुछ महान खिलाड़ी इस सूची में शामिल हैं। हालांकि कोई न कोई एक दिन इस आंकड़े को भी पार कर जाएगा।’

वैभव सूर्यवंशी तोड़ सकते हैं रिकॉर्ड?

इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने के बाद बटलर ने एक युवा भारतीय खिलाड़ी को लेकर बड़ा दावा किया। बटलर का मानना है कि उनका यह वर्ल्ड रिकॉर्ड भविष्य में भारत के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी तोड़ सकते हैं। सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए बटलर ने कहा, ‘कोई न कोई एक दिन इसे जरूर पछाड़ेगा और मुझे लगता है कि उनका नाम शायद सूर्यवंशी होगा।’

सूर्यवंशी का शानदार रिकॉर्ड

बटलर की यह भविष्यवाणी बेवजह नहीं है। महज 15 साल की उम्र में अपनी छाप छोड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी ने अब तक खेले 40 टी20 मुकाबलों में 1670 रन बनाए हैं। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से आईपीएल 2026 में खेलते हुए इस युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 16 मैचों में 776 रन कूटकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों की बखिया उधेड़ी थी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button