CG Rain Alert: छत्तीसगढ़ में तूफान ‘मुरासु’ का तांडव, 16 जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का यलो अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के कमजोर पड़ने के बाद भी मौसम का असर बना हुआ है। तूफान के बाद बने डिप्रेशन के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने 5 नवंबर को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना यह अवदाब असल में चक्रवाती तूफान मुरासु का ही कमजोर हुआ रूप है। इसी मौसमी सिस्टम के प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि आज के लिए किसी भी जिले में भारी बारिश का कोई रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर दक्षिणी हिस्सों में थोड़ा संभलकर रहने की जरूरत है, क्योंकि इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या छिटपुट बारिश हो सकती है।
जैसे-जैसे बारिश की गतिविधियां कम होंगी, वैसे-वैसे प्रदेश के तापमान में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। तापमान के नीचे जाने से अब रात और सुबह के वक्त हल्की ठंड का अहसास और ज्यादा बढ़ जाएगा, जो ठंड की आहट साफ तौर पर बयां कर रहा है।
छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों का तापमान
छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों में आज का न्यूनतम और अधिकतम तापमान इस प्रकार प्रकार रहने की संभावना है:
• रायपुर: न्यूनतम तापमान 19°C और अधिकतम तापमान 30°C
• बिलासपुर: न्यूनतम तापमान 18°C और अधिकतम तापमान 30°C
पेंड्रा रोड: न्यूनतम तापमान 15°C और अधिकतम तापमान 28°C
• दुर्ग: न्यूनतम तापमान 18°C और अधिकतम तापमान 30°C
• राजनांदगांव: न्यूनतम तापमान 19°C और अधिकतम तापमान 30°C
• अम्बिकापुर: न्यूनतम तापमान 16°C और अधिकतम तापमान 27°C
• सूरजपुर: न्यूनतम तापमान 15°C और अधिकतम तापमान 28°C
6 नवंबर से साफ होने लगेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल यानी 6 नवंबर को प्रदेश में इक्का-दुक्का जगहों पर ही बहुत हल्की बारिश हो सकती है और इस दिन के लिए कोई चेतावनी भी नहीं है। इसके बाद 7, 8, 9 और 10 नवंबर को पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। यानी आने वाले कुछ ही दिनों में बारिश का यह दौर थम जाएगा और आसमान साफ होने के साथ ही ठंडक धीरे-धीरे और जोर पकड़ेगी।



