महाराष्ट्र में NCP MLA सना मलिक के पाकिस्तान बयान पर घमासान, महायुति के नेताओं ने ही घेरा, ओवैसी ने झाड़ा पल्ला

मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) विधायक सना मलिक की इस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं कि बहुविवाह का मुद्दा केवल मुस्लिम पुरुषों तक सीमित नहीं है। कई नेताओं ने मुस्लिम पर्सनल लॉ और महिलाओं के अधिकारों पर उनके इस दृष्टिकोण का विरोध किया है। सना मलिक ने गुरुवार को अपने उन बयानों का बचाव किया, जो उन्होंने मुस्लिम महिलाओं को ‘तीन तलाक’ के कारण होने वाले अत्याचारों पर मंगलवार को सदन में हुई चर्चा में भाग लेते हुए दिए थे। उन्होंने सदन में कहा था कि यदि कुरान में कोई बात कही गई है और उसे पाकिस्तान में लागू किया जाता है, तो हम मांग करते हैं कि उसे यहां भी लागू किया जाए।
सना मलिक ने कहा कि इस मुद्दे को केवल मुसलमानों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुस्लिम पर्सनल लॉ के अनुसार बहुविवाह की अनुमति है और इसे लागू करने के लिए कुछ कदम भी उठाए जा रहे थे।
‘क्या मुस्लिम महिलाओं का ही होता है उत्पीड़न?’
सना मलिक ने कहा कि इस प्रथा को केवल एक समुदाय के दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। मुसलमानों पर ध्यान केंद्रित करने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, ‘क्या सभी प्रकार का उत्पीड़न केवल मुस्लिम महिलाओं के साथ ही होता है?’ उन्होंने कहा कि इस्लाम में बहुविवाह की अनुमति है। इसकी मुस्लिम कानून में भी अनुमति है। इसका उल्लेख कुरान में भी किया गया है।
गृह राज्यमंत्री योगेश कदम बरसे
गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी और इसका मसौदा तैयार करने के लिए एक समिति गठित की जाएगी। सना मलिक की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए सत्तारूढ़ शिवसेना की नेता शाइना एनसी ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं, जिन्होंने ‘तीन तलाक’ (कानून) के माध्यम से मुस्लिम महिलाओं को सम्मान दिया है, और दूसरी तरफ सना मलिक हैं, जो बहुविवाह पर यह विवादास्पद बयान दे रही हैं।
शाइना एनसी ने भी साधा निशाना
शाइना एनसी ने कहा कि ऐसी टिप्पणियां दिखाती हैं कि आप केवल वोट बैंक की राजनीति को साधने की कोशिश कर रहे हैं। मैं सना जी से अनुरोध करूंगी कि वह अपने बयान पर पुनर्विचार करें, क्योंकि यह भारत की महिलाओं का अपमान है। सना मलिक ने कहा कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर देखा गया है। उन्होंने कहा कि सदन में हुई चर्चा महिलाओं, पारिवारिक मामलों और तलाक पर केंद्रित थी।
मनीषा चौधरी बोलीं- भारत में रहना है तो संविधान मानना होगा
एनसीपी विधायक ने कहा कि भाजपा विधायक देवयानी फरांदे ने बहुविवाह से संबंधित पाकिस्तान में लागू कानूनों का उल्लेख करके चर्चा में पाकिस्तान को शामिल कर दिया था। मलिक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक मनीषा चौधरी ने कहा कि भारत का शासन संविधान से चलता है, न कि कुरान से। उन्होंने कहा कि यदि कोई भारत में रहना चाहता है, तो उसे संविधान का पालन करना होगा।
सना मलिक के बयान पर ओवैसी ने क्या कहा
ओवैसी ने कहा कि यह एक अलग राजनीतिक पार्टी है, और वह अपना बचाव करने में सक्षम हैं। इसके अलावा, उनकी पार्टी PM नरेंद्र मोदी की पार्टी का समर्थन कर रही है। इस मामले को देखना उन्हीं का काम है।



