राष्ट्रीय

दिल्ली को आज मिलेंगी 4 बड़ी ट्रैफिक परियोजनाओं की सौगात, अमित शाह करेंगे शुभारंभ

दिल्ली।  दिल्ली की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में आज चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह मोदी मिल फ्लाईओवर और लोनी रोड गोल चक्कर अंडरपास की आधारशिला भी रखेंगे।

लोक निर्माण विभाग (PWD) की इन परियोजनाओं का दिल्लीवासियों को लंबे समय से इंतजार था। इनका उद्देश्य राजधानी के प्रमुख इलाकों में यातायात दबाव कम करना और लोगों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाना है। परियोजनाओं के शुरू होने के बाद संबंधित मार्गों पर जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और PWD मंत्री प्रवेश वर्मा भी मौजूद रहेंगे।

10 किलोमीटर का सिग्नल फ्री कॉरिडोर, सफर में 20-25 मिनट की बचत

बारापुला फेज-3 कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्लीवासियों को यातायात के लिहाज से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सराय काले खां से मयूर विहार फेज-1 तक तैयार किए गए इस कॉरिडोर की मुख्य लंबाई 3.5 किलोमीटर है। रैंप और लूप को शामिल करने पर इसकी कुल लंबाई करीब 4.9 किलोमीटर हो जाती है। छह लेन वाले इस एलिवेटेड कॉरिडोर में दोनों दिशाओं में तीन-तीन लेन बनाई गई हैं। इसके अलावा साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। कॉरिडोर के शुरू होने के बाद मयूर विहार फेज-1 और नोएडा से एम्स तक करीब 10 किलोमीटर लंबा सिग्नल फ्री मार्ग उपलब्ध होगा।

उद्घाटन समारोह के चलते सराय काले खां, महारानी बाग और आश्रम चौक पर यातायात प्रभावित

नई दिल्ली। बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह के चलते मंगलवार को दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक सराय काले खां, महारानी बाग और आश्रम चौक के आसपास ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के बसों और कारों से पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।

बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के तहत कॉरिडोर के दोनों रैंप के साथ यमुना नदी पर एक्स्ट्रा-डोज्ड ब्रिज का निर्माण किया गया है। परियोजना को वर्ष 2014 में मंजूरी मिली थी और इसका निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ था। इसे शुरुआती तौर पर वर्ष 2017 तक पूरा किया जाना था, लेकिन विभिन्न कारणों से परियोजना में देरी हुई। देरी के साथ इसकी लागत में भी बढ़ोतरी हुई और संशोधित लागत करीब 1,635 करोड़ रुपये हो गई। यह कॉरिडोर पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 को सराय काले खां से जोड़ेगा। इसके शुरू होने के बाद मयूर विहार से एम्स और दक्षिण दिल्ली की ओर सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

वाहनों के साथ पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों को भी मिलेगी बेहतर सुविधा

बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना में वाहनों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी के साथ साइकिल सवारों और पैदल यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। परियोजना के तहत समर्पित साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए अनुकूल सुविधाएं विकसित की गई हैं। सरकार के अनुसार, कॉरिडोर के शुरू होने से मयूर विहार और सराय काले खां के बीच लंबे समय से लंबित सड़क संपर्क स्थापित होगा। इससे पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच आने-जाने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button