छत्तीसगढ़

CG- लाल आतंक को बड़ा झटका : जंगल में मिला नक्सलियों का डम्प, भारमार बंदूक और विस्फोटक सामग्री बरामद…

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों का डम्प बरामद किया है। तलाशी के दौरान डम्प से हथियार, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री मिली है।

जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया था। इस दौरान सुरक्षा बलों को नक्सल डम्प मिला। मौके से एक भारमार बंदूक, करीब एक किलो संदिग्ध आईईडी मैकेनिज्म, लगभग एक किलो गन पाउडर, दो डेटोनेटर और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई। सुरक्षा की दृष्टि से आईईडी और अन्य विस्फोटक पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

यह संयुक्त कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर एसपी निखिल राखेचा और बीएसएफ की 40वीं वाहिनी के प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।

अभियान में जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस टीम के जवान शामिल रहे। कांकेर पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button