स्वास्थ्य

आंखों में पानी और चुभन को न समझें मामूली, ये लक्षण दिखें तो तुरंत हो जाएं सावधान

जौनपुर: बरसात के मौसम में आंखों से जुड़ी परेशानियां तेजी से बढ़ने लगती हैं. जौनपुर में भी आई फ्लू यानी आंखों के संक्रमण के लक्षणों के साथ मरीज अस्पतालों में पहुंच रहे हैं. आंखों का लाल होना, पानी गिरना, गड़न-चुभन और सूजन जैसे सामान्य लक्षण दिखाई दे सकते हैं. शुरुआत में लोग इसे मामूली परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन समय पर सावधानी न बरतने पर समस्या बढ़ सकती है. नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा यादव ने आई फ्लू के लक्षणों और इससे बचाव को लेकर जरूरी जानकारी दी है.

आई फ्लू के ये हैं सामान्य लक्षण

डॉ. आकांक्षा यादव ने बताया कि आई फ्लू में सबसे आम लक्षण आंखों का लाल होना, आंखों से पानी गिरना और गड़न-चुभन होना है. कई बार आंखों में सूजन भी आ जाती है. उन्होंने बताया कि कुछ लक्षण गंभीर भी हो सकते हैं. अगर आंखों में दर्द होने लगे, आंखों से गाढ़ा पदार्थ निकलने लगे या दिखाई देने में धुंधलापन महसूस हो तो इसे सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि शुरुआती लक्षण हल्के हों, जैसे आंखों में हल्की गड़न-चुभन, पानी आना और थोड़ा लालपन, तो कुछ दिन सावधानी के साथ स्थिति पर नजर रखी जा सकती है. लेकिन अगर लक्षण 7-8 दिन से ज्यादा बने रहें तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है.

हाथों की साफ-सफाई से करें आई फ्लू से बचाव

डॉ. आकांक्षा यादव ने बताया कि आई फ्लू से बचाव में सबसे महत्वपूर्ण है आंखों की साफ-सफाई और हाथों की हाइजीन. बार-बार गंदे हाथों से आंखों को छूने या रगड़ने से संक्रमण बढ़ सकता है. इसलिए हाथों को साफ रखना चाहिए और आंखों में लालपन या जलन होने पर उन्हें रगड़ने से बचना चाहिए.

संक्रमित व्यक्ति का तौलिया और रुमाल इस्तेमाल न करें

उन्होंने साफ कपड़े का इस्तेमाल करने की सलाह दी. खासकर घर में किसी सदस्य को आई फ्लू हो तो उसके संपर्क में सावधानी बरतनी चाहिए. संक्रमित व्यक्ति के तौलिया, रुमाल या आंखों के संपर्क में आने वाली दूसरी चीजों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

आंखों को बार-बार छूने और रगड़ने से बचें

बरसात के मौसम में नमी और संक्रमण का खतरा बढ़ने के कारण आंखों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है. डॉ. आकांक्षा यादव के अनुसार, “आपको अपने गंदे हाथों से आंखों को बार-बार टच नहीं करना है. हाथों को साफ रखना है, आंखों को साफ करने के लिए साफ कपड़े का इस्तेमाल करना है और आंखों को रगड़ना नहीं है.”

अगर घर में किसी व्यक्ति की आंखें लाल हैं या आई फ्लू के लक्षण हैं तो उससे थोड़ी दूरी बनाए रखना और उसकी व्यक्तिगत चीजें साझा न करना बेहतर है.

तेज दर्द और धुंधला दिखाई दे तो तुरंत डॉक्टर से मिलें

आंखों में तेज दर्द, गाढ़ा पदार्थ निकलना, धुंधला दिखाई देना या अधिक सूजन जैसे लक्षण दिखाई दें तो खुद से इलाज करने के बजाय नेत्र रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए. समय पर जांच और उचित सलाह से समस्या को गंभीर होने से रोका जा सकता है.

आई फ्लू से बचाव के लिए अपनाएं ये आसान उपाय

डॉ. आकांक्षा यादव कहा कि आई फ्लू से बचाव का सबसे आसान तरीका है-हाथ साफ रखें, आंखों को न रगड़ें और संक्रमण होने पर व्यक्तिगत सामान साझा न करें.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button