अन्य राज्य

ऑनर किलिंग की इंतहा! बेटी को नदी में डुबोकर दी दर्दनाक मौत

नई दिल्ली: साउथ दिल्ली के तिगड़ी में रहने वाली एक 18 साल की लड़की की ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। दावा है कि अविवाहित लड़की चार महीने की गर्भवती थी। लोकलाज के डर से पिता और जीजा दवा दिलाने के बहाने आगरा स्थित बसौनी गांव ले गए, जहां चंबल नदी में डुबो कर उसकी हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस और यूपी पुलिस गोताखोरों की मदद से बॉडी की तलाश कर रही है, जो गुरुवार रात तक रिकवर नहीं हो सकी थी। आरोपी पिता और जीजा को पकड़ लिया गया है।

दवा दिलाने के बहाने कर दी हत्या

जानकारी के मुताबिक, तिगड़ी इलाके में रहने वाले 52 साल के शख्स ने अपनी 18 साल की बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुरुआती जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध लगा तो पिता से कड़ाई से पूछताछ की। इससे खुलासा हुआ कि वह दवा दिलाने के बहाने लड़की को आगरा के बसौनी स्थित गांव ले गया। वहां लड़की को चंबल नदी में कूदने को कहा, उसने कूदने से मना कर दिया। इस पर पिता और जीजा ने जबरन पानी में डुबो दिया।

हत्या के बाद छुए लड़की के पैर

इसके बाद दिल्ली आकर गुमशुदगी दर्ज करवा दी। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि लड़की की तिगड़ी इलाके में रहने वाले एक नाबालिग लड़के से दोस्ती थी। बेटी के गर्भवती होने का पता चला तो पिता ने झूठी शान के खातिर हत्या की साजिश रच दी। वह अपने दामाद के साथ लड़की को 28 जुलाई को आगरा ले गया, जहां हत्या को अंजाम दिया। पूछताछ में बताया कि हत्या करने के बाद लड़की के पैर भी छुए, जिसके वीडियो फोन में बरामद हुए हैं।

फोन की लोकेशन से हुआ खुलासा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लड़की की गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस ने लड़की के फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लास्ट लोकेशन निकलवाई तो वो आगरा की निकली। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो फोन रिकवर हो गया है। इसके बाद पिता ने सिलसिलेवार पूरी कहानी बयां कर दी और दामाद के भी वारदात में होने की बात कबूल ली। बताया कि 28 जुलाई को अपने रिश्तेदार के घर पर रुकने के बाद तीनो चंबल के घाट पर पहुंचे, जहां लड़की को जबरन नदी में डुबोकर मार दिया और दिल्ली आ गए।

पिता और जीजा गिरफ्तार

तिगड़ी थाने में मर्डर का मुकदमा दर्ज कर लड़की के पिता और जीजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी लड़की का शव बरामद नहीं हो सका है, जिसकी तलाश चल रही है। पिता ने पूरी कहानी बयां कर दी और दामाद के भी वारदात में होने की बात कबूल ली, वहीं चंबल नदी में लडकी के शव की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।

बारिश और बीहड़ बन रहे दिक्कत

पुलिस अफसरों ने बताया कि चंबल नदी में लड़की के शव की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है, लेकिन गुरुवार रात तक बरामद नहीं हो सका था। लगातार बारिश और चंबल के बीहड़ से रेस्क्यू टीम के लिए दिक्कत खड़ी हो रही है। फिलहाल जिस जगह की निशानदेही की गई है, वहां तक पहुंचने के लिए करीब पांच किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। बरसात की वजह से वहां गाड़ियों का जाना मुश्किल हो रहा है। आगरा पुलिस के साथ पीएसी के गोताखोर लगातार खोजबीन में जुटे है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button