जनगणना 2027: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से लेकर गणना की तारीखों तक, यहां जानिए पूरा शेड्यूल

नई दिल्ली। भारत सरकार ने जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी ‘जनसंख्या गणना’ को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह नोटिफिकेशन उन खास पहाड़ी और बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों के लिए है, जहां सामान्य मौसम में काम करना मुश्किल होता है।
इसमें लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के बर्फबारी वाले इलाकों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्र शामिल हैं। मौसम और बारिश को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इन इलाकों के लिए खास समय-सारणी तय की है।
जारी नोटिफिकेशन में क्या-क्या?
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार जनगणना प्रक्रिया के दौरान खुद जानकारी भरने का मौका 17 अगस्त 2026 से 31 अगस्त 2026 तक। जनसंख्या गणना 1 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक और आंकड़ों का सत्यापन 1 अक्टूबर 2026 से 5 अक्टूबर 2026 तक होगा। इसके अलावा सरकार ने इन क्षेत्रों के लिए 1 अक्टूबर 2026 को रेफ्रेंस डेट तय किया है। इसी तारीख के आधार पर यहां की जनसंख्या का आधिकारिक डेटा दर्ज होगा।
17 अगस्त से मिलेगा ‘सेल्फ एन्युमेरेशन’ का विकल्प
मिली जानकारी के अनुसार घर-घर जाकर होने वाली सरकारी गणना से ठीक पहले, नागरिकों को खुद ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी जाएगी। इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोग 17 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक ‘सेल्फ एन्युमेरेशन’ के विकल्प का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसके जरिए नागरिक घर बैठे ही ऑनलाइन पोर्टल पर अपने और अपने परिवार की पूरी जानकारी खुद दर्ज करा सकेंगे। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के इन पहाड़ी क्षेत्रों से जुड़ी पूरी जानकारी जनगणना विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।
जनसंख्या गणना में क्या-क्या पूछा जाएगा?
बता दें कि’जनसंख्या गणना’ जनगणना प्रक्रिया का सबसे अहम और दूसरा चरण है। इसके तहत अधिकारी घर-घर जाकर हर नागरिक और परिवार का विस्तृत ब्योरा इकट्ठा करते हैं। इसमें मुख्य रूप से ये जानकारियां शामिल होती हैं।
- व्यक्ति का नाम और उम्र
- लिंग और वैवाहिक स्थिति
- धर्म और भाषा
- शिक्षा का स्तर
- अनुसूचित जाति (SC) या अनुसूचित जनजाति (ST) से संबंधित जानकारी
- रोजगार और कामकाज का विवरण
कुल मिलाकर सरकार की इस पूरी तैयारी का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि दुर्गम और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले हर एक नागरिक की सही और सटीक गिनती समय पर पूरी हो सके।



