मनोरंजन

आज रिलीज नहीं होगा ‘रामायण’ का ट्रेलर, नमित ने बताई वजह

नई दिल्ली. रणबीर कपूर स्टारर मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ के ट्रेलर का इंतजार कर रहे फैंस को बड़ा झटका लगा है. फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई यानी आज रिलीज होने की चर्चा थी, लेकिन अब इसका लॉन्च फिलहाल टाल दिया गया है, इस बात की पुष्टि फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की है. हालांकि, उन्होंने ये साफ किया कि ट्रेलर में देरी किसी तकनीकी या निर्माण संबंधी कारण से नहीं, बल्कि फिल्म को दुनियाभर में लॉन्च करने की रणनीति के तहत की गई है.

फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने घोषणा की है कि 24 जुलाई (शुक्रवार) को रिलीज होने वाले ‘रामायण पार्ट 1’ के ऑफिशियल ट्रेलर की रिलीज को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है. उन्होंने एक लंबा पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी भी दी है.

नमित मल्होत्रा ने बताई बड़ी वजह

नमित मल्होत्रा ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर बताया कि ‘रामायण’ अब सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी में दुनिया भर में रिलीज की जाएगी. उन्होंने लिखा कि उनका सपना ‘रामायण’ को पूरी दुनिया तक पहुंचाने का था और अब यह सपना साकार हो रहा है. इसी वजह से फिल्म के ट्रेलर को भी अब वैश्विक स्तर पर एक साथ लॉन्च किया जाएगा. हालांकि, नई रिलीज डेट का ऐलान अभी नहीं किया गया है.

अपने पोस्ट में नमित ने कहा कि भारतीय सिनेमा के 100 से ज्यादा सालों के इतिहास में यह गर्व का क्षण होगा, जब ‘रामायण’ को किसी बड़े हॉलीवुड प्रोजेक्ट की तरह दुनियाभर के दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा. उनके मुताबिक, इससे दुनिया भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पौराणिक कथाओं को नए नजरिए से जान सकेगी. उन्होंने फैंस का समर्थन करने के लिए धन्यवाद भी दिया.

CBFC से मिला ‘U’ सर्टिफिकेट

इस बीच, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, फिल्म के ट्रेलर को ‘U’ (यूनिवर्सल) सर्टिफिकेट मिल चुका है. फिल्म को सर्टिफिकेट 15 जुलाई को जारी किया गया था. रिकॉर्ड्स के मुताबिक, ट्रेलर के दो वर्जन तैयार किए गए हैं. पहला संस्करण 4 मिनट 15 सेकंड का है, जबकि सिनेमाघरों में दिखाए जाने वाला संस्करण 4 मिनट का होगा.

हनुमान जयंती के रिलीज हुआ था इंट्रोडक्टरी टीजर

इससे पहले हनुमान जयंती के अवसर पर फिल्म की टीम ने ‘रामा’ नाम का एक इंट्रोडक्टरी टीजर जारी किया था. करीब 2 मिनट 38 सेकंड लंबे इस टीजर में पहली बार रणबीर कपूर के भगवान श्रीराम वाले लुक की झलक दिखाई गई थी. इस टीजर को भी CBFC ने ‘U’ सर्टिफिकेट दिया था.

कब रिलीज होगी ‘रामायण’ के दोनों पार्ट्स

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को दो पार्ट्स में रिलीज किया जाएगा. पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में दुनियाभर के सिनेमाघरों, खासकर IMAX स्क्रीन पर रिलीज किया जाएगा. अब फैंस की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मेकर्स ट्रेलर की नई रिलीज डेट का ऐलान कब करते हैं.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button