स्वास्थ्य

पपीता है सेहत का खजाना, लेकिन इन 6 लोगों को बरतनी चाहिए खास सावधानी

पपीता पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जिसमें विटामिन ए, सी, फाइबर और कई एंटीऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं, जो पाचन और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. हालांकि, यह कुछ लोगों के लिए हानिकारक भी है. कुछ लोगों के लिए पपीते का सेवन नुकसानदेह भी बताया गया है. इसलिए, इसके फायदे के साथ नुकसान जानना बहुत जरूरी है.

राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगर बलिया की पांच साल अनुभवी चिकित्साधिकारी डॉ. वंदना तिवारी के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान कच्चा या आधा पका पपीता खाने से बचना चाहिए. इसमें लेटेक्स और पपेन नामक तत्व होते हैं, जो गर्भाशय में संकुचन पैदा कर सकते हैं. इससे गर्भपात या समय से पहले प्रसव का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए पहले डॉक्टर की राय जरूरी है.

अगर आपको भी लेटेक्स से एलर्जी रहती है, तो पपीते से भी एलर्जी होने की संभावना हो सकती है. ऐसे लोगों को पपीता खाने के बाद त्वचा पर चकत्ते, खुजली, सूजन या सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं हो सकती हैं. यदि पपीता खाने के बाद इस तरह के लक्षण दिखाई दें, तो बिना देर किए तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना चाहिए.

पपीते का फल फाइबर से भरपूर होता है, लेकिन किसी भी चीज की अधिकता नुकसानदायक हो सकती है. जरूरत से ज्यादा पपीता खाने पर गैस, पेट फूलना, दस्त और पेट में असहजता की शिकायत भी हो सकती है. ज्यादा फाइबर भी गैस का कारण बन जाता हैं. अधिक दस्त होने पर शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ सकता है. सीमित मात्रा में ही सेवन करना चाहिए.

पपीते का फल रक्त शर्करा के स्तर को प्रभावित कर सकता है. जो लोग डायबिटीज की दवाएं या इंसुलिन ले रहे हैं, उन्हें अधिक मात्रा में पपीता खाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी जरूरी है. क्योंकि कुछ मामलों में ब्लड शुगर जरूरत से ज्यादा कम हो सकती है. संतुलित मात्रा और नियमित निगरानी ऐसे लोगों के लिए बहुत ही लाभदायक होता हैं.

पपीते में विटामिन सी अच्छी मात्रा में पाई जाती है, लेकिन अधिक मात्रा में सेवन से कुछ लोगों में ऑक्सलेट बनने की संभावना हो सकती है. जिन लोगों को पहले से किडनी स्टोन की समस्या है, उन्हें अपने आहार में पपीते को अपने मन से शामिल नहीं करना चाहिए. किसी भी फल का जरूरत से ज्यादा सेवन लाभकारी नहीं होता है.

जो लोग खून को पतला करने वाली दवाओ का प्रयोग कर रहे हैं, उन्हें कच्चे पपीते के अधिक सेवन से बचना चाहिए. यह कुछ दवाओं के प्रभाव को प्रभावित कर सकता है और रक्तस्राव का खतरा बढ़ा सकता है. यदि आप किसी गंभीर बीमारी के इलाज के दौरान नियमित दवा ले रहे हैं, तो अपने खानपान में बदलाव करने से पहले डॉक्टर की राय जरूर ले.

पपीते का का सेवन उम्र, स्वास्थ्य और बीमारी की स्थिति को ध्यान में रखकर करना सही होता हैं. गर्भवती महिलाएं, एलर्जी, पाचन समस्याए, डायबिटीज की दवा लेने वाले व्यक्ति और किडनी स्टोन या ब्लड थिनर जैसी स्थिति में सावधानी जरूरी है. किसी भी स्वास्थ्य समस्या में इंटरनेट या सुनी-सुनाई बातों के बजाय नजदीकी डॉक्टर की राय सुरक्षित है. हवा हवाई बातों पर विश्वास न करें.









Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button