कैलाश-मानसरोवर यात्रा, वीजा, से लेकर फ्लाइट तक… चीन से व्यापार और वाणिज्यिक सहयोग के मुद्दों पर हुई चर्चा

बीजिंग। चीन में भारत के राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने सोमवार को चीन के वाणिज्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच व्यापार और वाणिज्यिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
भारतीय दूतावास ने एक पोस्ट में बताया कि राजदूत दोराईस्वामी ने चीन के वाणिज्य मंत्रालय के एशियाई मामलों के विभाग के महानिदेशक वांग लिपिंग से मुलाकात की।
इस दौरान आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की गई। वे संपर्क में बने रहने पर सहमत हुए।
2020 में पूर्वी लद्दाख में हुए टकराव के बाद दोनों देशों के संबंधों में खटास आ गई थी और अब वे संबंधों को सामान्य बनाने की प्रक्रिया में हैं।
फिलहाल, दोनों देशों ने कैलाश-मानसरोवर यात्रा, वीजा, उड़ानों और उच्च-स्तरीय बातचीत की प्रक्रिया को फिर से शुरू कर दिया है। व्यापार और वाणिज्य भारत-चीन संबंधों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं।



