मनोरंजन

‘वेलकम टू द जंगल’ ने दूसरे दिन भी गाड़े झंडे, 39 करोड़ का टच किया आंकड़ा

सुपरस्टार अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी ड्रामा ‘वेलकम टू द जंगल’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किश्त को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसके चलते दूसरे दिन फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल देखा गया. पेड प्रिव्यूज और शनिवार के दमदार कलेक्शन की बदौलत फिल्म ने महज दो दिनों में 40 करोड़ के करीब पहुंच गई है. वीकेंड पर फिल्म की यह रफ्तार बॉक्स ऑफिस पर बड़े रिकॉर्ड की तरफ इशारा कर रही है.

नई दिल्ली. सुपरस्टार अक्षय कुमार की कॉमेडी-एक्शन ड्रामा ‘वेलकम टू द जंगल’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. इस मल्टीस्टारर फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है, जिसके दम पर मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर बेहद शानदार शुरुआत की. पहले दिन ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर डबल डिजिट के साथ धुआंधार बिजनेस किया.

अब ‘वेलकम टू द जंगल’ ने दूसरे दिन भी डबल डिजिट में ही कलेक्शन किया है. कमाल की बात है कि शनिवार को फिल्म की कमाई में 31.1 फीसदी का जबरदस्त उछाल आया है. ट्रे़ड वेबसाइट सैकनिल्क के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन 20 करोड़ रुपये का दमदार कलेक्शन किया.

यह आंकड़ा पहले दिन हुई 15.25 करोड़ की कमाई से भी बेहतर है. वहीं, पेड प्रिव्यूज से मिले 3.75 करोड़ को मिलाकर ‘वेलकम टू द जंगल’ का इंडिया में नेट कलेक्शन 39 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि इसका इंडिया ग्रोस कलेक्शन 46.80 करोड़ रुपये हो चुका है.

इसी के साथ अक्षय कुमार की कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ इस साल बॉलीवुड की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है. इस लिस्ट में पहले दो नंबर पर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (238.60 करोड़ रुपये) और ‘बॉर्डर 2’ (43.50 करोड़ रुपये ) का कब्जा है.

फिल्म की कहानी एक चालाक पॉलिटिशियन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी 2000 करोड़ की अघोषित दौलत को टैक्स रेड से बचाने के लिए नकली फिल्म बनाने का ढोंग रचता है. वह इस मनगढ़ंत फिल्म में फ्लॉप एक्टर्स और नौसिखिए डायरेक्टर को जबरदस्ती कास्ट करता है. असली ट्विस्ट तब आता है, जब नेता का सारा पैसा गायब हो जाता है. अब इस अतरंगी टीम को 24 घंटे में फिल्म सुपरहिट बनानी है, जहां उनका सामना खतरनाक आतंकवादियों से होता है.

इस फिल्म को एए नाडियाडवाला, केप ऑफ गुड फिल्म्स और स्टार स्टूडियो18 द्वारा सीता फिल्म्स और राकेश डांग के सहयोग से पेश किया गया है. मशहूर ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की इस तीसरी किश्त में अक्षय कुमार के अलावा कई सितारों की फौज है, जो शायद ही बॉलीवुड के इतिहास में किसी फिल्म में नजर आई होगी.

अहमद खान के डायरेक्शन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ में सुनील शेट्टी, परेश रावल, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और दलेर मेहंदी जैसे सितारे शामिल हैं. अक्षय कुमार की इस कॉमेडी मूवी में लगभग 34 सितारों ने काम किया है.

इसके साथ ही आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदु दारा सिंह, उर्वशी रौतेला, हेमंत पांडे, बृजेंद्र काला, फिरोज खान, पुनीत इस्सर, सुदेश बेरी, जीतू वर्मा, वृही कोदवारा, आदित्य सिंह और भाग्य भानुशाली जैसे कई और जाने-माने चेहरे भी इस फिल्म में अपनी कॉमेडी और एक्टिंग का तड़का लगाया है.







Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button